CM बनते ही विजय ने तोड़ी तमिलनाडु की सबसे पुरानी परंपरा! शपथ समारोह में दिखा बिल्कुल नया अंदाज

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते समय विजय ने पारंपरिक पहनावे की जगह फॉर्मल लुक अपनाकर सबका ध्यान खींच लिया. उनके इस नए अंदाज को युवा सोच और बदलाव की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.

Shraddha Mishra

चेन्नई: चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में रविवार का दिन तमिलनाडु की राजनीति के लिए बेहद खास रहा. फिल्मी दुनिया से राजनीति में कदम रखने वाले थलपति विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. लेकिन इस समारोह में सिर्फ उनकी राजनीतिक जीत ही चर्चा में नहीं रही, बल्कि उनका अलग अंदाज भी लोगों का ध्यान खींचता नजर आया. जहां तमिलनाडु में शपथ ग्रहण के दौरान नेता पारंपरिक वेष्टी और सफेद शर्ट में दिखाई देते हैं, वहीं विजय ने इस बार पूरी तरह अलग रास्ता चुना. उनके मॉडर्न और फॉर्मल लुक ने समारोह को और भी खास बना दिया.

तमिलनाडु की राजनीति में लंबे समय से एक परंपरा रही है कि मुख्यमंत्री और मंत्री शपथ ग्रहण के दौरान पारंपरिक तमिल पहनावा पहनते हैं. सफेद वेष्टी और शर्ट यहां की राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा मानी जाती है. लेकिन विजय ने इस बार इस परंपरा को बदलते हुए फॉर्मल कपड़ों में मंच पर एंट्री ली. उन्होंने सफेद रंग की शर्ट, काली पैंट और फॉर्मल जूते पहने थे. उनका पूरा लुक काफी सादा लेकिन स्टाइलिश नजर आया. कई लोगों ने सोशल मीडिया पर उनके इस अंदाज की तुलना फिल्मी किरदारों से भी की. विजय के फैंस को उनका यह नया अवतार काफी पसंद आया और समारोह की तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं.

युवाओं को जोड़ने की कोशिश?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विजय का यह फॉर्मल लुक सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं था. इसे एक बड़े संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि विजय खुद को एक आधुनिक और नई सोच वाले नेता के रूप में पेश करना चाहते हैं. तमिलनाडु की युवा पीढ़ी के बीच विजय की लोकप्रियता पहले से काफी ज्यादा है. फिल्मों में उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग रही है और अब राजनीति में भी वह उसी कनेक्शन को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं. उनका यह नया अंदाज शायद युवाओं को यह संदेश देने का प्रयास था कि उनकी सरकार पारंपरिक राजनीति से अलग सोच के साथ काम करेगी.

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री निभाते रहे परंपरा

अगर तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास पर नजर डालें तो अब तक लगभग सभी बड़े नेताओं ने शपथ ग्रहण के दौरान पारंपरिक पहनावा ही चुना है. पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन अपनी खास टोपी, चश्मे और सफेद वेष्टी-शर्ट के लिए मशहूर थे. वहीं करुणानिधि हमेशा पीली शॉल और पारंपरिक कपड़ों में नजर आते थे. ओ. पन्नीरसेल्वम और ई.के. पलानीस्वामी ने भी शपथ लेते समय सफेद धोती और शर्ट ही पहनी थी. इतना ही नहीं, साल 2021 में एमके स्टालिन ने भी मुख्यमंत्री पद की शपथ पारंपरिक तमिल पोशाक में ही ली थी. ऐसे में विजय का फॉर्मल लुक तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है.

विजय के साथ 9 मंत्रियों ने भी ली शपथ

मुख्यमंत्री विजय के साथ उनकी पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कड़गम (TVK) के 9 नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली. इनमें थिरू एन. आनंद, सीटीआर निर्मल कुमार, अरुण राज और आधव अर्जुना जैसे नाम शामिल रहे. इसके अलावा कीर्तना, राजमोहन, वेंकटरामनन और सेनगोट्टैयान ने भी मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली. सबसे ज्यादा चर्चा युवा विधायक कीर्तना की रही, जिन्होंने 29 साल की उम्र में मंत्री पद की शपथ ली. वह शिवकाशी सीट से पहली बार विधायक बनी हैं और विजय कैबिनेट की सबसे युवा मंत्री मानी जा रही हैं.

सहयोगियों के समर्थन से बनी सरकार

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 107 सीटें जीती थीं. हालांकि सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी था. ऐसे में कांग्रेस, CPI, CPI-M, VCK और IUML जैसी पार्टियों ने विजय को समर्थन दिया. इन सहयोगी दलों के समर्थन के बाद विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया और आखिरकार आज उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर तमिलनाडु की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत कर दी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो