थलपति विजय ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, राज्यपाल ने कहा- 118 MLAs के लाइए साइन

विजय की पार्टी टीवीके तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और कांग्रेस समेत अन्य दलों के समर्थन से उनकी सरकार बनना लगभग तय है. राज्यपाल से मुलाकात के बाद जल्द ही चेन्नई में शपथ ग्रहण हो सकता है, जिसमें बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कझगम को कांग्रेस का समर्थन मिलने की संभावना ने सियासी समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं. इसी कड़ी में विजय ने बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया. इस पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ ने विजय से 118 MLAs के साइन लेकर आने के लिए कहा. 

नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह कब होगा आयोजित? 

सूत्रों के मुताबिक, अगर सब कुछ तय समय के अनुसार हुआ तो गुरुवार को ही नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है. इससे पहले विजय ने मंगलवार को ही लोक भवन को ईमेल के जरिए अपना दावा भेज दिया था, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके पास पर्याप्त विधायकों का समर्थन है और वे बहुमत साबित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. 

सूत्रों के अनुसार, थलपति विजय ने अभी तक 118 विधायकों के समर्थन का पत्र जमा नहीं किया है. थलपती ने मौखिक रूप से कहा है कि उनके पास बहुमत के लिए ज़रूरी संख्या मौजूद है. जानकारी के मुताबिक थलपति ने राज्यपाल को 107+5 यानी 112 विधायकों के हस्ताक्षर किया हुआ पत्र सौंपा था, लेकिन राज्यपाल ने कहा कि 118 हस्ताक्षरों (बहुमत) के साथ वापस आएं. इस पर थलपति विजय ने राज्यपाल से कुछ समय मांगा है. ऐसे में विजय द्वारा 7 मई को शपथ नहीं की संभावना कम लग रही है. 
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 234 सदस्यीय सदन में 108 सीटें जीतकर खुद को सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित किया है. हालांकि बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है. ऐसे में सहयोगी दलों का समर्थन बेहद अहम हो जाता है.

राजनीतिक गणित के अनुसार, विजय को अपनी एक सीट छोड़नी पड़ेगी, जिससे पार्टी की प्रभावी संख्या 107 रह जाती है. इस स्थिति में सरकार बनाने के लिए उन्हें कम से कम 11 और विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है. कांग्रेस ने विजय की पार्टी को समर्थन देने का संकेत दिया है. कांग्रेस के पास राज्य में 5 विधायक हैं. बताया जा रहा है कि पार्टी ने इसके बदले सरकार में दो मंत्री पदों की मांग रखी है. कांग्रेस नेतृत्व स्तर पर भी इस पर चर्चा हो चुकी है और सकारात्मक रुख सामने आया है.

इसके अलावा, पट्टाली मक्कल काची (PMK) और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (AMMK) जैसे दलों से भी समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है. PMK के पास 4 और AMMK के पास 1 विधायक है. हालांकि इन दलों की ओर से अभी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अंदरूनी स्तर पर बातचीत जारी बताई जा रही है.

शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज 

इधर, शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी तेज हो गई हैं. चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में संभावित आयोजन को लेकर प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है. विजय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से फोन पर बातचीत कर उन्हें इस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है. माना जा रहा है कि राहुल गांधी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, जिससे यह समारोह और भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो