पश्चिम बंगाल में दूसरे में 90 फीसदी मतदान, जानें सबसे ज्यादा वोट कहां पड़ें

बंगाल में मतदाताओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया. सुबह सात बजे शुरू हुई वोटिंग शाम छह बजे तक जारी रही. भवानीपुर सीट इस बार खास चर्चा में रही, जहां ममता बनर्जी के सामने भाजपा के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदाताओं ने उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. शाम पांच बजे तक करीब 89.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. सुबह सात बजे शुरू हुई वोटिंग शाम छह बजे तक जारी रही. कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे साफ है कि लोगों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर जबरदस्त उत्साह है. 

कहां कितना प्रतिशत हुआ मतदान? 

जिलेवार आंकड़ों की बात करें तो पूर्वी बर्धमान में सबसे अधिक 92.46 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि कोलकाता दक्षिण में यह आंकड़ा सबसे कम 86.11 प्रतिशत रहा. इसके अलावा हुगली में 90.34 प्रतिशत, हावड़ा में 89.44 प्रतिशत, कोलकाता उत्तर में 87.77 प्रतिशत, नदिया में 90.28 प्रतिशत, उत्तर 24 परगना में 89.74 प्रतिशत और दक्षिण 24 परगना में 89.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भवानीपुर क्षेत्र में शाम पांच बजे तक 85.51 प्रतिशत मतदान हुआ.

चर्चा में क्यों भवानीपुर सीट? 

भवानीपुर सीट इस बार खास चर्चा में रही, जहां ममता बनर्जी के सामने भाजपा के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं. मतदान के दौरान कालीघाट इलाके में अधिकारी को विरोध का सामना करना पड़ा, जहां तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने नारेबाजी की. इस दौरान राजनीतिक बयानबाजी भी तेज रही, जिससे चुनावी माहौल और गरमा गया.

दूसरे चरण में कुल 142 विधानसभा सीटों पर 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं. इसके लिए 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए, जिनमें बड़ी संख्या ग्रामीण इलाकों में है. खास बात यह रही कि 8,845 मतदान केंद्रों का संचालन पूरी तरह महिलाओं के हाथों में था. इसके अलावा 258 मॉडल बूथ भी स्थापित किए गए, जहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं.

चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियों को तैनात किया गया है. इस चरण में करीब 3.22 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें पुरुष, महिलाएं और तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं.

बंगाल में मुकाबला किसके बीच? 

राज्य में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच माना जा रहा है, जबकि कांग्रेस और वामदल भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश में हैं. फिल्मी हस्तियों ने भी मतदान में हिस्सा लेकर लोगों को प्रेरित किया. अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती समेत कई नामचीन चेहरों ने वोट डालकर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई.

पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ था. अब दोनों चरणों की मतगणना 4 मई को होगी, जिसके बाद चुनावी तस्वीर साफ हो जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो