‘मेरे होते हुए बंगाल में डरने की जरूरी नहीं...’ CM बनने से पहले सुवेंदु अधिकारी ने लिया संकल्प
पश्चिम बंगाल के होने वाले मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने दोहराया कि वे पूरी तरह BJP की नीतियों पर चलेंगे। यह बयान पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ उनकी करीबी को दिखाता है।

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के भावी मुख्यमंत्री और BJP नेता सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार (08 मई 2026) को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बंगाल की जनता को भरोसा दिलाया। कोलकाता में पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए उन्होंने साफ कहा कि अब राज्य को किसी से डरने की जरूरत नहीं है।
भाषण कम, काम ज्यादा करूंगा- अधिकारी
आपको बताते चलें कि सुवेंदु अधिकारी ने इस दौरान कहा कि उनके नेतृत्व में डर की जगह भरोसा लेगा। उन्होंने काम पर फोकस करने वाली सरकार का वादा किया। उन्होंने विधायकों से कहा, “जब तक मैं जिंदा हूं, बंगाल को डरने की जरूरत नहीं है... डर बंगाल से बाहर हो गया है और भरोसा अंदर आ गया है... मैं भाषण कम दूंगा और काम ज्यादा करूंगा।”
मोदी की हर गारंटी पूरी करूंगा- सुवेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के होने वाले मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने दोहराया कि वे पूरी तरह BJP की नीतियों पर चलेंगे। यह बयान पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ उनकी करीबी को दिखाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दी हुई हर गारंटी को बिना चूके पूरा किया जाएगा।
पार्टी विधायकों और समर्थकों की तालियों के बीच सुवेंदु ने कहा, “डर (Bhoi) बाहर हो गया है और जैसा PM मोदी जी ने कहा है, भरोसा (Bharosa) अंदर आ गया है। मैं सिर्फ BJP की नीतियों का पालन करूंगा और राज्य में मोदी की गारंटी पूरी करने की दिशा में काम करूंगा।”
उन्होंने आगे यह भी कहा कि बंगाल के विकास के लिए केंद्र और राज्य की करीबी साझेदारी जरूरी है। सुवेंदु ने विधायकों से कहा कि BJP के घोषणापत्र में किए गए हर वादे को जनता की उम्मीदों के मुताबिक लागू किया जाएगा।
भ्रष्टाचार और महिला अपराध पर होगी जांच
नई सरकार के पहले कदम बताते हुए सुवेंदु ने पिछली तृणमूल सरकार के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की जांच का ऐलान किया। उन्होंने कहा, “एक रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में आयोग भ्रष्टाचार के सभी मामलों की जांच करेगा। यह आयोग महिलाओं पर हुए अत्याचार की घटनाओं की भी जांच करेगा और दोषियों को सजा मिलेगी।” सुवेंदु अधिकारी ने जोर दिया कि BJP सरकार का मकसद बंगाल का पुनर्निर्माण करना है। वे अच्छे शासन के जरिए 60 फीसदी से ज्यादा आबादी का भरोसा जीतना चाहते हैं।
9 मई को शपथ, टैगोर जयंती का दिन
गौरतलब है कि शुक्रवार को ही सुवेंदु अधिकारी को BJP विधायक दल का नेता चुना गया। इसके साथ ही उनके बंगाल के पहले BJP मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में पार्टी बैठक के बाद उनके नाम का ऐलान किया।
सुवेंदु अधिकारी कल यानि 9 मई 2026 को शपथ लेंगे। यह वही दिन है जब गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती मनाई जाती है। BJP इसे प्रतीकात्मक तौर पर बंगाल की संस्कृति से जोड़कर देख रही है। शपथ ग्रहण ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा।


