कौन बनेगा बंगाल का नया मुख्यमंत्री? शाम 4 बजे बीजेपी करेगी CM के नाम का ऐलान

BJP सांसद सौमित्र खान ने बताया कि विधायक दल की बैठक शुक्रवार शाम 4 बजे बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे तक कोलकाता पहुंच जाएंगे।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन की घड़ी करीब आ गई है। गवर्नर RN रवि ने 7 मई से विधानसभा भंग कर दी है। इसके बाद BJP ने साफ किया है कि नए मुख्यमंत्री का नाम शुक्रवार (08 मई 2026) को विधायक दल की बैठक में तय होगा। पार्टी ने शपथ ग्रहण की तैयारियां भी तेज कर दी हैं।

अमित शाह और ओडिशा के CM भी रहेंगे मौजूद   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार BJP सांसद सौमित्र खान ने बताया कि विधायक दल की बैठक शुक्रवार शाम 4 बजे बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे तक कोलकाता पहुंच जाएंगे। सौमित्र खान ने कहा, “हमारे मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कल ही किया जाएगा।” 

विधानसभा भंग और ममता सरकार का कार्यकाल खत्म   

आपको बताते चलें कि बंगाल विधानसभा का गठन मई 2021 में हुआ था। तब ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस लगातार तीसरी बार सत्ता में आई थी। अब दो चरणों में हुए चुनाव के बाद निवर्तमान विधानसभा का कार्यकाल औपचारिक रूप से खत्म हो गया है। संसदीय कार्य विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

बंगाल में पहली बार सरकार बनाएगी BJP  

BJP ने इस बार भारी बहुमत हासिल किया है। पार्टी राज्य में पहली बार सरकार बनाने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह के कोलकाता पहुंचते ही विधायक दल के नेता के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। पार्टी विधायकों की बैठक में ही नए CM के नाम पर मुहर लगेगी। इसके बाद शपथ ग्रहण की तारीख तय होगी।

इस्तीफा नहीं दूंगी- ममता बनर्जी 

गौरतलब है कि इधर तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी ने अपने तेवर नरम नहीं किए हैं। बुधवार को उन्होंने पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों को संबोधित किया। ममता ने साफ कहा कि वह पद से इस्तीफा नहीं देंगी। उन्होंने कहा, “केंद्र चाहे तो मुझे हटा दे। मैं चाहती हूं कि यह एक काला दिन बने।” 

ममता ने आरोप लगाया कि चुनाव में TMC उम्मीदवारों को जबरदस्ती हराया गया। पार्टी के 1500 से ज्यादा दफ्तरों पर कब्जा कर लिया गया। उन्होंने कहा कि बंगाल में चुनाव नहीं, अत्याचार हुआ है। ममता ने विधायकों से कहा, “मैंने उन्हें नैतिक रूप से हरा दिया है। मैं एक आजाद पंछी हूं। हम लड़ेंगे।” 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो