बंगाल चुनाव के बीच ED का बड़ा एक्शन! सोना पप्पू से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी, मिले चौंकाने वाले सुराग

पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच ED ने आज कोलकाता में बड़े पैमाने पर छापेमारी की. इस दौरान उन्होंने अपराधी 'सोना पप्पू' से जुड़े जमीन कब्जाने और वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में भी छापेमारी की.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव चल रहे हैं. इसी बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रविवार को कोलकाता में बड़े पैमाने पर छापेमारी की. फरार अपराधी 'सोना पप्पू' से जुड़े जमीन कब्जाने और वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में ED की टीम ने आनंदपुर और अलीपुर इलाकों में दो कारोबारियों के घरों पर छापे मारे.

सोना पप्पू से जुड़ी जांच तेज

ED के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये छापे वित्तीय अनियमितताओं और फरार आरोपी सोना पप्पू से संभावित संबंधों की जांच का हिस्सा हैं. सोना पप्पू को जमीन कब्जाने और धोखाधड़ी के कई मामलों में मुख्य आरोपी माना जाता है. वह लंबे समय से फरार चल रहा है.

अधिकारियों का कहना है कि सोना पप्पू के कई कारोबारियों से करीबी संबंध थे. पूछताछ के दौरान ED को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर ये ठिकाने चुने गए. एजेंसी अब इन कारोबारियों की वित्तीय गड़बड़ियों और अवैध लेन-देन में उनकी भूमिका की जांच कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और छापेमारी हो सकती है.

गेहूं घोटाले में भी ED की बड़ी कार्रवाई

ED ने इससे पहले पश्चिम बंगाल में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत गेहूं घोटाले के मामले में भी तलाशी ली. कोलकाता, बर्दवान और हाबरा के नौ ठिकानों पर छापे मारे गए. ये कार्रवाई निरंजन चंद्र साहा और अन्य आपूर्तिकर्ताओं व निर्यातकों से जुड़े परिसरों पर की गई.

यह जांच धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत चल रही है. बशीरहाट पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर ED ने मामला शुरू किया था. घोजाडांगा भूमि सीमा शुल्क केंद्र के उप आयुक्त की शिकायत पर यह प्राथमिकी दर्ज हुई थी.

घोटाले का तरीका

जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से गरीबों और लाभार्थियों के लिए आने वाले सस्ते गेहूं को आपूर्ति श्रृंखला से बाहर निकाल लिया. इसे सस्ते दाम पर हासिल किया और फिर खुले बाजार में महंगे दाम पर बेच दिया. इस पूरे घोटाले में आपूर्तिकर्ताओं, डीलरों, अधिकृत वितरकों और बिचौलियों की मिलीभगत बताई जा रही है.

ED ने कहा कि बंगाल चुनाव के दौरान ये छापेमारी जांच को आगे बढ़ाने के लिए की गई है. दोनों मामलों में सबूत इकट्ठा करने का काम तेजी से चल रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो