क्या बंगाल में खिलेगा कमल या टीएमसी की होगी वापसी? देखिए एक्जिट पोल के आंकड़े

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 90% से ज्यादा मतदान के बाद एग्जिट पोल में ज्यादातर सर्वे बीजेपी को बढ़त दिखा रहे हैं. हालांकि कुछ अनुमान टीएमसी की वापसी की ओर भी इशारा कर रहे हैं, जिससे नतीजों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान समाप्त हो चुका है. इस चरण में 142 सीटों पर वोटिंग हुई, जिसमें मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाते हुए 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज कराया. इसके साथ ही राज्य की सभी 194 सीटों पर चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई है. 

किसके हाथ लगेगी सत्ता की चाबी? 

अब पूरे प्रदेश की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सत्ता की चाबी किसके हाथ लगेगी. यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ममता बनर्जी एक बार फिर ‘सोनार बांग्ला’ में अपनी पकड़ बनाए रखेंगी या भारतीय जनता पार्टी पहली बार सरकार बनाने में सफल होगी.

इस चुनाव में सरकार बनाने के लिए 148 सीटों का आंकड़ा पार करना जरूरी है. ऐसे में एग्जिट पोल के नतीजों ने सियासी हलचल और तेज कर दी है. ज्यादातर सर्वे में बीजेपी को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है, जबकि कुछ अनुमान ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस को भी मजबूत स्थिति में दिखा रहे हैं.

P-MARQ का एग्जिट पोल

P-MARQ के एग्जिट पोल के अनुसार बीजेपी को 150 से 175 सीटें मिल सकती हैं, जबकि टीएमसी के खाते में 118 से 138 सीटें आने का अनुमान है. वहीं कांग्रेस और वाम दलों को कोई खास सफलता मिलती नहीं दिख रही है. 

Matrize का सर्वे

Matrize के सर्वे में भी बीजेपी को 146 से 161 सीटें और टीएमसी को 125 से 140 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य दलों को 6 से 10 सीटें मिल सकती हैं.

Peoples Pulse का एग्जिट पोल

हालांकि Peoples Pulse के एग्जिट पोल ने तस्वीर कुछ अलग पेश की है. इस सर्वे में टीएमसी को 178 से 189 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि बीजेपी 95 से 110 सीटों तक सिमट सकती है. कांग्रेस और वाम दलों को यहां भी सीमित सफलता ही मिलने की संभावना जताई गई है.

चाणाक्य के एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त

चाणाक्य के एग्जिट पोल में भी बीजेपी को 150 से 160 सीटों के साथ बढ़त में दिखाया गया है, जबकि टीएमसी को 130 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है.

कुल मिलाकर चार में से तीन एग्जिट पोल बीजेपी के पक्ष में जाते नजर आ रहे हैं, जिससे संकेत मिलते हैं कि पार्टी राज्य में पहली बार स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बना सकती है. वहीं वोट शेयर की बात करें तो बीजेपी को करीब 42.8 प्रतिशत और टीएमसी को लगभग 41.4 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है. अब सभी को अंतिम नतीजों का इंतजार है, जो यह तय करेंगे कि बंगाल की सत्ता किसके हाथ में जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो