सुवेंदु अधिकारी बनेंगे बंगाल के मुख्यमंत्री! बैठक में लग सकती है नाम पर मुहर, सामने आई बड़ी अपडेट

पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के बाद अब मुख्यमंत्री के नाम को लेकर हलचल तेज हो गई है. पार्टी की अहम बैठक में विधायक दल के नेता का चयन होने की संभावना है, जिससे सस्पेंस जल्द खत्म हो सकता है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस समय सबसे बड़ा सवाल मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर बना हुआ है. भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि राज्य की कमान किसे सौंपी जाएगी. खबर है कि पार्टी जल्द ही इस सस्पेंस को खत्म कर सकती है, क्योंकि शुक्रवार को इस मुद्दे पर एक अहम बैठक होने जा रही है. माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद विधायक दल के नेता के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा.

भाजपा के नव-निर्वाचित विधायकों की बैठक कोलकाता में आयोजित की जाएगी. इस बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में विधायक दल का नेता चुना जाएगा. जानकारी के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक बनाया गया है. सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम सहमति बन सकती है, जिसके बाद औपचारिक घोषणा की जाएगी.

सुवेंदु अधिकारी सबसे आगे

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे प्रमुख नाम सुवेंदु अधिकारी का माना जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सूत्रों ने बताया है कि उन्हें विधायक दल का नेता चुना जा सकता है. बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य उनके नाम का प्रस्ताव रख सकते हैं और उस पर मुहर लगने की संभावना है. हालांकि, पार्टी ने अभी तक आधिकारिक रूप से किसी नाम की पुष्टि नहीं की है, लेकिन अंदरखाने सुवेंदु अधिकारी को मजबूत दावेदार माना जा रहा है.

बंगाल से ही होगा अगला सीएम!

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल से ही होगा. चुनाव प्रचार के दौरान भी इस बात को बार-बार दोहराया गया था. पार्टी का मानना है कि स्थानीय नेतृत्व को आगे बढ़ाकर जनता के साथ बेहतर तालमेल बनाया जा सकता है.

सुवेंदु अधिकारी का नाम इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लगातार दो चुनावों में हराया है.
पहली बार 2021 में नंदीग्राम सीट से उन्होंने बेहद करीबी मुकाबले में जीत दर्ज की थी. इसके बाद 2026 के चुनाव में उन्हें भवानीपुर सीट से मैदान में उतारा गया, जहां उन्होंने एक बार फिर जीत हासिल की.

मतगणना में उतार-चढ़ाव

हालिया चुनाव में मतगणना के दौरान मुकाबला काफी रोमांचक रहा. शुरुआत में अधिकारी बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन बाद में ममता बनर्जी ने बढ़त हासिल कर ली. अंतिम राउंड तक मुकाबला कांटे का रहा और अंत में अधिकारी ने करीब 15 हजार वोटों से जीत दर्ज की. इस दौरान विपक्ष की ओर से मतगणना प्रक्रिया पर सवाल भी उठाए गए.

जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी का बयान

अपनी जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी ने जनता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह जीत लोगों के भरोसे का परिणाम है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य का विकास और सभी वर्गों का कल्याण होगा. उनके अनुसार, भाजपा पश्चिम बंगाल को एक सुरक्षित, समृद्ध और विकसित राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो