TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने बंगाल के फाल्टा पुनर्चुनाव से नाम लिया वापस, मतदान से दो दिन पहले की घोषणा

तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और अभिषेक बनर्जी के सहयोगी जहांगीर खान ने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान से दो दिन पहले अपना नाम वापस ले लिया है. उन्होंने आज घोषणा कर बताया कि वह आगे कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे.

Sonee Srivastav

कोलकाता: फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में रिपोलिंग से महज दो दिन पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान ने मंगलवार को घोषणा कर दी कि वह आगे कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे. यह फैसला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. जहांगीर खान अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी माने जाते हैं. फलता क्षेत्र अभिषेक बनर्जी की डायमंड हार्बर लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है, जहां वे सांसद हैं. 

कैंपेनिंग में गैरमौजूद रहे बड़े नेता

रिपोलिंग से पहले फलता में TMC के शीर्ष नेताओं की अनुपस्थिति चर्चा में रही. भाजपा के बंगाल अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य ने इस पर तंज कसते हुए पूछा था कि अभिषेक बनर्जी फलता में चुनाव प्रचार के लिए कहां हैं. वहीं, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पिछले सप्ताहांत प्रचार के दौरान जहांगीर खान पर कटाक्ष करते हुए पूछा था, “पुष्पा कहां है?”

चुनाव आयोग ने रद्द किए थे मतदान

4 मई को बंगाल की 293 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके थे, लेकिन फाल्टा विधानसभा में मतदान की प्रक्रिया को चुनाव आयोग ने रद्द कर दिया था. आयोग ने इसे “गंभीर चुनावी अपराध और लोकतंत्र की प्रक्रिया को सबोटाज” बताया था.

फाल्टा के कई बूथों पर मतदाताओं को डराने-धमकाने, EVM के साथ छेड़छाड़ और विपक्षी उम्मीदवारों के नाम ब्लॉक करने की शिकायते आई थी. सीसीटीवी फुटेज भी अपर्याप्त होने के कारण मतदान की निष्पक्षता की पुष्टि नहीं हो सकी थी.

जहांगीर खान का फैसला

जहांगीर खान ने अपने फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि वह अब किसी भी चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे. हालांकि, उन्होंने इस फैसले का विस्तृत कारण नहीं बताया. TMC के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि हाल के घटनाक्रम और विवादों के बाद पार्टी ने रणनीति बदलने का फैसला किया हो सकता है.

विपक्ष ने उठाए सवाल

भाजपा और अन्य विपक्षी दलों ने फलता में हुई अनियमितताओं को लेकर TMC पर लगातार हमला बोला है. उन्होंने कहा कि जहांगीर खान का नाम वापस लेना इन गड़बड़ियों का स्वीकारोक्ति है. TMC ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दा उठा रहा है.

फिलहाल चुनाव आयोग अब फलता में नए सिरे से मतदान कराने की तैयारी कर रहा है. नई तारीख की घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है. इस बीच जहांगीर खान के फैसले से TMC में नया उम्मीदवार खोजने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो