Baby Punch के लिए दीवानगी! सुरक्षा घेरा तोड़कर एनक्लोजर में घुसा युवक, वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. यह हैरान करने वाला मामला जापान से सामने आया है. देखिए कैसे एक अमेरिकी नागरिक रीड जाहनाई डेसन चिड़ियाघर की सुरक्षा फेंसिंग को फांदकर सीधे बंदरों के बाड़े के अंदर घुस गया.

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर किसी चीज की सनक इंसानों से क्या-कुछ नहीं करवा देती, इसका एक हैरान करने वाला मामला जापान से सामने आया है. यह पूरी घटना जापान के चिबा प्रांत में स्थित 'इचिकावा सिटी जू' की है, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बाड़ लांघकर एन्क्लोजर में कूदा युवक
खबरों के अनुसार, 24 वर्षीय अमेरिकी नागरिक रीड जाहनाई डेसन चिड़ियाघर की सुरक्षा फेंसिंग को फांदकर सीधे बंदरों के बाड़े के अंदर घुस गया. इस दौरान उसका साथी नील जबाहरी डुआन बाहर खड़ा रहकर इस पूरी हरकत का वीडियो बनाता रहा.
वीडियो वायरल
हैरान करने वाली बात यह थी कि बाड़े के अंदर घुसे युवक ने एक अजीबोगरीब नीले रंग का सूट पहन रखा था, जिस पर स्माइलिंग इमोजी बनी हुई थी. बताया जा रहा है कि उसका यह लुक इंटरनेट पर ट्रेंड करने वाले 'मीमकॉइन क्रिप्टो इमोजी' से प्रेरित था. उसके हाथ में एक स्टफ्ड टॉय भी दिखाई दे रहा था.
An unidentified man breached the enclosure today, triggering chaos and panic throughout the troop. Alarm barks echoed across the zoo as Punch and his troop scattered in fear, climbing, screaming, and fleeing for safety. Zookeeper rushed to respond as stunned visitors watched in… pic.twitter.com/zUItUjxhnk
— Human Owned by Cat 😺 (@Petswithaura) May 17, 2026
पुलिस ने किया गिरफ्तार
हैरान करने वाली बात यह रही कि दोनों युवक बेबी पंच या अन्य बंदरों के ज्यादा करीब नहीं पहुंच पाए. युवक की इस हरकत को देखते ही चिड़ियाघर के मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत एक्शन लिया और उसे दबोच लिया. इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसने दोनों अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने दोनों पर चिड़ियाघर के काम में जबरन बाधा डालने का आरोप लगाया है, हालांकि दोनों युवकों ने इन आरोपों से इनकार किया है.
आखिर कौन है बेबी पंच?
दरअसल, इसी साल फरवरी में 'पंच' नाम का यह छोटा मकाक बंदर सोशल मीडिया पर तब सनसनी बन गया था, जब उसकी मां ने उसे पालने से इनकार कर दिया था. इसके बाद जू प्रशासन ने उसे अकेलापन दूर करने के लिए एक बड़ा ओरांगुटान प्लश टॉय दिया था. उस खिलौने से लिपटे छोटे पंच की तस्वीरें और भावुक कर देने वाली कहानी पूरी दुनिया में वायरल हो गई थी, जिसके बाद से उसे देखने के लिए लोग दूर-दूर से जापान पहुंच रहे हैं.
जू ने बढ़ाई सुरक्षा
इस बवाल के बाद इचिकावा सिटी जू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक आधिकारिक बयान जारी किया. जू प्रशासन ने बताया कि इस घटना में किसी भी जानवर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और सभी सुरक्षित हैं. उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है और भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए चिड़ियाघर के सुरक्षा इंतजामों को और कड़ा किया जा रहा है.


