बंगाल कैबिनेट में किसे मिला सबसे ताकतवर मंत्रालय? सुवेंदु ने विभागों का किया आवंटन
सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की नई कैबिनेट में विभागों का बंटवारा कर दिया, जिसमें दिलीप घोष और अग्निमित्रा को अहम जिम्मेदारियां मिली हैं.

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को अपने मंत्रिमंडल के विभागों का बंटवारा कर दिया. नई कैबिनेट में कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिससे राज्य की राजनीतिक दिशा और सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट होने लगी हैं. विभागों के आवंटन के बाद अब सभी मंत्रियों की नजर अपने-अपने मंत्रालयों में कामकाज शुरू करने पर है.
अग्निमित्रा पॉल को बड़ी जिम्मेदारी
सरकार में वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष को ग्रामीण विकास और प्राणी विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पार्टी के मजबूत संगठनात्मक चेहरों में गिने जाने वाले दिलीप घोष के पास अब गांवों के विकास और पशुधन से जुड़े महत्वपूर्ण विभाग होंगे. वहीं अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल कल्याण मंत्रालय के साथ नगर निगम विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इससे साफ संकेत मिलता है कि सरकार महिलाओं और शहरी विकास को प्राथमिकता देना चाहती है.
नई कैबिनेट में निसिथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास के साथ युवा कल्याण और खेल विभाग सौंपा गया है. उत्तर बंगाल क्षेत्र में पार्टी की पकड़ मजबूत करने और युवाओं को जोड़ने के लिहाज से यह जिम्मेदारी काफी अहम मानी जा रही है. वहीं आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए खुदीराम तुडू को जनजातीय विकास मंत्रालय दिया गया है. इसके अलावा अशोक कीर्तनिया को खाद्य विभाग की कमान सौंपी गई है, जो राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली और खाद्य आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण मामलों को संभालेंगे.
शपथ ग्रहण समारोह में कई नेता रहे मौजूद
इससे पहले शनिवार को सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. यह समारोह काफी भव्य रहा, जिसमें पीएम मोदी, अमित शाह समेत केंद्र सरकार के कई बड़े नेता शामिल हुए. शपथ ग्रहण के दौरान सरकार ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की, जिसमें ओबीसी, राजबोंगशी, मातुआ और आदिवासी समुदायों के नेताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया.
नई सरकार के इस मंत्रिमंडल गठन को पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है. अब नजर इस बात पर होगी कि नई टीम राज्य में विकास और प्रशासन को किस दिशा में आगे बढ़ाती है.


