'डरता कौन है मैं?' दादा जी ने 18 हजार फीट से लगाई छलांग, बेखौफ अंदाज ने जीत लोगों का दिल

ऑस्ट्रेलिया में एक भारतीय दादाजी की 18 हजार फीट से की गई स्काईडाइव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दिखाई दे रहे दादाजी के बेखौफ अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: अगर हौसला बुलंद हो और दिल में जुनून हो, तो उम्र भी इंसान के कदम नहीं रोक सकती. इसका शानदार उदाहरण एक भारतीय दादाजी ने पेश किया है, जिनका स्काईडाइविंग का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ऑस्ट्रेलिया में 18 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाने वाले इन दादाजी ने न सिर्फ बेखौफ अंदाज दिखाया, बल्कि आसमान में उड़ते हुए 'जय हिंद, जय भारत, जय हरियाणा' के नारे लगाकर लोगों का दिल भी जीत लिया. 

यह वायरल वीडियो अंकित नाम के एक भारतीय युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है. वीडियो में वह अपने दादाजी को ऑस्ट्रेलिया में स्काईडाइविंग के लिए लेकर जाते दिखाई देते हैं. अंकित बताते हैं कि उनके दादाजी पहले भी 15 हजार फीट की ऊंचाई से स्काईडाइव कर चुके हैं. इस बार उन्होंने खुद को नई चुनौती देते हुए 18 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाने का फैसला किया. वीडियो की शुरुआत में अंकित बताते हैं कि पिछली बार दादाजी ने 15 हजार फीट से स्काईडाइव की थी, लेकिन इस बार रोमांच को और बढ़ाते हुए 18 हजार फीट से छलांग लगाई जा रही है. यह सुनकर भी दादाजी के चेहरे पर किसी तरह का डर नहीं दिखाई देता.

'डरता कौन है मैं?' बना वायरल डायलॉग

वीडियो का सबसे खास पल तब आता है, जब अंकित अपने दादाजी से मुस्कुराते हुए पूछते हैं कि क्या उन्हें डर लग रहा है. इस सवाल के जवाब में दादाजी बिना एक पल गंवाए पूरे आत्मविश्वास से कहते हैं, "डरता कौन है मैं?" उनका यही जवाब सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल हो रहा है. लोग इस एक लाइन को उनकी निडर सोच और जिंदादिली की पहचान बता रहे हैं. हजारों यूजर्स इस जवाब को शेयर कर रहे हैं और दादाजी के हौसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

स्काईडाइव के दौरान गूंजे 'जय हिंद' के नारे

जैसे ही स्काईडाइव शुरू होती है, दादाजी पूरे उत्साह के साथ "जय हिंद, जय भारत, जय हरियाणा" के नारे लगाने लगते हैं. हजारों फीट की ऊंचाई पर भी उनका जोश और देशभक्ति देखने लायक थी. वीडियो देखने वाले कई लोग इस पल को सबसे भावुक और प्रेरणादायक बता रहे हैं. वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है, "Dada Ji Skydiving, 18,000 Feet in Australia." इसके बाद यह वीडियो तेजी से अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर होने लगा.

सोशल मीडिया पर लोगों ने की जमकर तारीफ

वीडियो वायरल होने के बाद कमेंट सेक्शन में लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने लिखा कि उन्हें भी जिंदगी में ऐसा ही आत्मविश्वास चाहिए. दूसरे ने कहा कि दादाजी ने आज के कई युवाओं को हिम्मत का असली मतलब समझा दिया. एक अन्य यूजर ने लिखा कि 'जय हिंद' सुनकर रोंगटे खड़े हो गए. वहीं कई लोगों ने कहा कि उम्र कभी भी सपनों और रोमांच के बीच नहीं आनी चाहिए. कुछ यूजर्स ने दादाजी को प्रेरणा का स्रोत बताते हुए कहा कि असली ताकत शरीर में नहीं, बल्कि हौसले में होती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो