CM सुवेंदु अधिकारी को मिली जान से मारने की धमकी, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
जिस फेसबुक पेज से यह वीडियो पोस्ट किया गया है, उस पर बांग्लादेश का झंडा लगा हुआ है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वीडियो बांग्लादेश में बनाया गया हो सकता है।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को लेकर एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। फेसबुक पर 'दी डेली इंकलाब' नाम के पेज से एक वीडियो शेयर किया गया है जिसमें एक व्यक्ति मुख्यमंत्री के खिलाफ धमकी भरी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहा है। वीडियो में हिंदी में बोलते हुए आरोपी ने सीएम को नुकसान पहुंचाने की बात कही है।
बांग्लादेश से जुड़े होने का शक
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जिस फेसबुक पेज से यह वीडियो पोस्ट किया गया है, उस पर बांग्लादेश का झंडा लगा हुआ है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वीडियो बांग्लादेश में बनाया गया हो सकता है। हालांकि वीडियो में बोलने वाला शख्स साफ हिंदी बोल रहा है। पुलिस इस वीडियो की सत्यता और स्रोत की जांच कर रही है। अभी तक प्रशासन ने आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है।
'सीमा पर ही दफनाने' की धमकी
वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति ने सीएम सुवेंदु अधिकारी को 'सीमा पर ही दफनाने' और शारीरिक हमला करने की धमकी दी है। इस तरह की भाषा बेहद गंभीर मानी जा रही है, खासकर तब जब कुछ दिन पहले ही उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में मुख्यमंत्री के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या हो चुकी है।
सुरक्षा व्यवस्था हुई और कड़ी
पीए की हत्या के बाद राज्य सचिवालय ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सुवेंदु अधिकारी को पहले से केंद्र सरकार की तरफ से 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। मुख्यमंत्री बनने के बाद अब राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त टीम उनकी सुरक्षा में तैनात है।
सीएम का निर्देश: जनता को न हो परेशानी
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने खुद अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सुरक्षा ऐसी रखी जाए जिससे आम लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो। राज्य सरकार का कहना है कि सुरक्षा में कोई भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मामले की गहराई से जांच चल रही है।


