Apple को मिला नया CEO... 15 साल बाद पद से हटेंगे टिम कुक, जॉन टर्नस संभालेंगे कमान
Apple में बड़ा नेतृत्व बदलाव हुआ है, जहां मौजूदा CEO टिम कुक 1 सितंबर को अपने पद से हट जाएंगे और इसके बाद एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे. कंपनी ने सोमवार को घोषणा की कि जॉन टर्नस को नया CEO बनाया गया है.

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी एप्पल में एक बड़ा नेतृत्व बदलाव सामने आया है, जिसने इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है. कंपनी ने सोमवार को घोषणा की कि जॉन टर्नस को नया CEO बनाया गया है. 50 वर्षीय टर्नस तुरंत प्रभाव से जिम्मेदारी संभालेंगे और कंपनी के बोर्ड का भी हिस्सा बनेंगे. यह बदलाव ऐसे समय पर हुआ है जब टेक इंडस्ट्री आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण तेजी से बदल रही है.
मौजूदा CEO टिम कुक 1 सितंबर को अपने पद से हट जाएंगे और इसके बाद एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे. टिम कुक ने 2011 से कंपनी का नेतृत्व किया और उनके कार्यकाल में एप्पल ने कई नई ऊंचाइयां हासिल कीं. जब वे पद छोड़ेंगे, तब वे लगभग 15 साल तक CEO रहने वाले कंपनी के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रमुखों में शामिल हो जाएंगे. उनके नेतृत्व में कंपनी की सालाना बिक्री करीब चार गुना बढ़कर 416 अरब डॉलर तक पहुंच गई.
कौन हैं नए CEO जॉन टर्नस
जॉन टर्नस पिछले 25 सालों से एप्पल का हिस्सा हैं. उन्होंने 2001 में कंपनी जॉइन की थी और तब से लेकर अब तक कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं. खासतौर पर उन्होंने हार्डवेयर इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट डिजाइन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उनका लंबा अनुभव और कंपनी के अंदरूनी कामकाज की गहरी समझ उन्हें इस पद के लिए मजबूत उम्मीदवार बनाती है.
शिक्षा और करियर की झलक
एप्पल से पहले टर्नस ने वर्चुअल रिसर्च सिस्टम में काम किया था. उन्होंने पेनसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है. साल 2013 में उन्हें हार्डवेयर इंजीनियरिंग का वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया और 2021 में वे कंपनी की एग्जीक्यूटिव टीम का हिस्सा बने.
टर्नस ने आईफोन, iPad, मैक, एप्पल वॉच और एयरपॉड्स जैसे कई बड़े प्रोडक्ट्स के विकास में अहम भूमिका निभाई है. हाल ही में उन्होंने आईफोन एयर जैसे नए डिजाइन को पेश किया, जिसे कंपनी के प्रमुख स्मार्टफोन लाइनअप में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है. मैक की बिक्री को दोबारा बढ़ाने में भी उनका योगदान अहम रहा है.
टर्नस को लेकर क्या है कंपनी की सोच
यह ऐलान एप्पल की 50वीं वर्षगांठ के कुछ समय बाद आया है, जिससे इसे और खास माना जा रहा है. कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह बदलाव पहले से तय लग रहा था. उन्होंने बताया कि टर्नस की कार्यशैली काफी हद तक टिम कुक जैसी है. वे स्टीव जॉब्स की तरह शोमैन नहीं हैं और न ही मार्केटिंग में ज्यादा दिखते हैं, लेकिन वे एक मजबूत “प्रोडक्ट फोकस्ड” लीडर हैं. उनके मुताबिक, टर्नस समझदारी से फैसले लेने वाले और संतुलित नेतृत्व करने वाले व्यक्ति हैं, जो जोखिम लेने में जल्दबाजी नहीं करते.
टिम कुक ने टर्नस की तारीफ में क्या कहा
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, टिम कुक ने जॉन टर्नस की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि टर्नस के पास एक इंजीनियर की सोच, इनोवेटर की ऊर्जा और ईमानदारी के साथ नेतृत्व करने की क्षमता है. कुक ने यह भी कहा कि टर्नस एक दूरदर्शी नेता हैं और पिछले 25 सालों में उनका योगदान बेहद अहम रहा है. उन्होंने भरोसा जताया कि टर्नस एप्पल को भविष्य की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ाएंगे.


