एलन मस्क की राजनीतिक एंट्री भारी पड़ी, टेस्ला के शेयर धड़ाम, अरबों का नुकसान

एलन मस्क को बीते दो दिनों में बड़ा झटका लगा है. नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा के बाद टेस्ला के शेयर करीब 8% गिर गए, जिससे उनकी कुल संपत्ति में 15 अरब डॉलर की भारी गिरावट आई. इस नुकसान ने मस्क की कारोबारी स्थिति को हिला कर रख दिया है.

Dimple Yadav
Edited By: Dimple Yadav

दुनिया के सबसे अमीर शख्स माने जाने वाले एलन मस्क की मुसीबतें अब तेजी से बढ़ती नजर आ रही हैं. अमेरिकी राजनीति में प्रवेश करने और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दूरी बनाने के बाद उनके व्यवसायिक साम्राज्य को जबरदस्त झटका लगा है. हाल ही में अपनी नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा करने के बाद मस्क की प्रमुख कंपनी टेस्ला के शेयरों में भारी गिरावट आई, जिससे उन्हें एक ही दिन में 15.3 अरब डॉलर (लगभग 13 लाख करोड़ रुपये) का नुकसान उठाना पड़ा.

एलन मस्क पहले डोनाल्ड ट्रंप के करीबी माने जाते थे, लेकिन अब दोनों के रिश्तों में तल्खी आ चुकी है. ट्रंप से दूरी बनाने और अमेरिकी प्रशासन से अलग अपनी राजनीतिक राह चुनने के फैसले ने मस्क के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं. उन्होंने हाल ही में एक नई पॉलिटिकल पार्टी की घोषणा की, लेकिन यह कदम उनके निवेशकों को रास नहीं आया.

टेस्ला के शेयरों में 8% की गिरावट

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, मस्क की कुल संपत्ति अब गिरकर 386 अरब डॉलर रह गई है. बीते कारोबारी दिन टेस्ला के शेयरों में करीब 8% की भारी गिरावट दर्ज की गई. शेयर बाजार में टेस्ला का स्टॉक 291.64 डॉलर प्रति शेयर पर बंद हुआ, जबकि दिन में यह 288.77 डॉलर तक गिरा. शुक्रवार को शेयर की कीमत 315.35 डॉलर थी, जो सोमवार को खुलते ही गिरने लगी.

कंपनी की वैल्यूएशन को 7 लाख करोड़ का झटका

टेस्ला के शेयरों में गिरावट का असर कंपनी की कुल वैल्यूएशन पर भी पड़ा है. आंकड़ों के मुताबिक, टेस्ला की वैल्यूएशन 994.32 अरब डॉलर से घटकर 912.68 अरब डॉलर पर आ गई है. यानी कंपनी ने एक ही दिन में 81.64 अरब डॉलर (लगभग 7 लाख करोड़ रुपये) का झटका झेला है. यह नुकसान भारत के उद्योगपति गौतम अडानी की कुल संपत्ति के लगभग बराबर है.

राजनीति से मस्क को झटका

एलन मस्क को यह झटका सिर्फ शेयर बाजार से नहीं, बल्कि राजनीतिक हस्तक्षेप के नतीजे के तौर पर भी देखा जा रहा है. विश्लेषकों का मानना है कि निवेशक मस्क की राजनीति में सक्रियता को पसंद नहीं कर रहे. इससे टेस्ला की कारोबारी छवि पर असर पड़ा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag