Petrol Diesel Price: सस्ता हुआ कच्चा तेल! जानें दिल्ली-मुंबई समेत प्रमुख शहरों में क्या हैं आज पेट्रोल-डीजल के दाम

कच्चे तेल में गिरावट के बीच आज, 19 जून 2026 को देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर बने हुए हैं. जानिए आपके शहर में पेट्रोल-डीजल के दामों में उछाल आई है या गिरावट आई है.

calender

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी भू-राजनीतिक तनाव थमने के बाद वैश्विक तेल बाजार से बड़ी राहत की खबर आ रही है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में आसमान छू रहे कच्चे तेल के दामों में कमी आई है. जिससे क्रूड ऑयल के दाम एक फीसदी से ज्यादा नीचे आ गए हैं. इस समय अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 78.79 प्रति बैरल के स्तर पर ट्रेड कर रहा है. जबकि अमेरिकी बेंचमार्क डब्ल्यूटीआई क्रूड भी गिरकर 75.03 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है. 

प्रमुख शहरों में ईंधन की ताजा कीमतें

कच्चे तेल में गिरावट के बीच आज, 19 जून 2026 को देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर बने हुए हैं. देश की राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है. वहीं, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल का भाव 111.21 रुपये और डीजल का भाव 97.83 रुपये प्रति लीटर है.

नोएडा में पेट्रोल की कीमत

अन्य बड़े शहरों की बात करें तो कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है. चेन्नई में उपभोक्ताओं को एक लीटर पेट्रोल के लिए 107.77 रुपये और डीजल के लिए 99.55 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं. उत्तर प्रदेश के नोएडा में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 97.56 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है, जबकि राजधानी लखनऊ में पेट्रोल 101.89 रुपये और डीजल 95.36 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बना हुआ है. चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.51 रुपये और डीजल 89.47 रुपये है. बिहार के पटना में पेट्रोल 113.37 रुपये और डीजल 99.36 रुपये, झारखंड के रांची में पेट्रोल 105.26 रुपये और डीजल 100.49 रुपये तथा मध्य प्रदेश के भोपाल में पेट्रोल 114.57 रुपये और डीजल 99.64 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है.

कब कम होंगे पेट्रोल-डीजल के रेट?

देश में ईंधन की कीमतों में कटौती का इंतजार कर रहे आम लोगों को अभी थोड़ा और सब्र करना होगा. सरकार की ओर से साफ किया गया है कि खुदरा कीमतों में बदलाव को लेकर तेल विपणन कंपनियां अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का बारीकी से आकलन करने के बाद ही कोई उचित फैसला लेंगी. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने गुरुवार को पश्चिम एशिया की स्थिति पर आयोजित एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में बताया कि कच्चा तेल एक समय 120 डॉलर प्रति बैरल के उच्च स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन अब इसमें गिरावट आ रही है. तेल कंपनियां इस पूरी स्थिति का संज्ञान ले रही हैं और आने वाले समय में वैश्विक बाजार के अनुरूप कदम उठाए जाएंगे.

एलपीजी की आपूर्ति 

मंत्रालय ने यह भी आश्वस्त किया है कि वर्तमान में देश के भीतर पेट्रोल, डीजल, प्राकृतिक गैस और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर है. भारतीय रिफाइनरियां इस समय अपनी पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं, जिससे देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है. इसके अलावा, एलपीजी का बैकलाॅग भी अब घटकर मात्र 3.1 दिन रह गया है. First Updated : Friday, 19 June 2026