सोना-चांदी में उथल-पुथल: चांदी क्रैश होकर ₹16000 गिर गई, सोना भी 4000 फिसला
सोना-चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा. बजट के दिन भारी नुकसान झेलने के बाद सोमवार को भी बाजार में जबरदस्त क्रैश देखने को मिला. खासकर चांदी ने तो निवेशकों को चौंका दिया.

नई दिल्ली: बजट 2026 के दिन भारी उछाल के बाद सोना और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोमवार को कारोबार की शुरुआत होते ही दोनों कीमती धातुओं में तगड़ी गिरावट दर्ज की गई. जहां चांदी प्रति किलोग्राम 16,000 रुपये तक सस्ती हुई, वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 4,400 रुपये से अधिक गिर गया. निवेशकों के लिए यह लगातार दूसरा दिन है जब बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है.
बीते गुरुवार को रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद इन धातुओं में आई यह तेज गिरावट वैश्विक और घरेलू कारकों का मिला-जुला असर दिखा रही है. बजट में घोषित नीतिगत बदलावों और अंतरराष्ट्रीय बाजार के संकेतों ने निवेशकों का भरोसा डगमगाया है, जिसके चलते सोना-चांदी के वायदा भाव में भारी सुधार देखा जा रहा है. आइए जानते हैं कि दोनों धातुओं की कीमतें अभी कहां पहुंची हैं और कितनी गिर चुकी हैं.
चांदी की कीमतों में भारी गिरावट
चांदी की कीमतें पिछले गुरुवार को पहली बार 4 लाख रुपये के पार पहुंचने के बाद से लगातार फिसल रही हैं. बजट वाले दिन करीब 9 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के बाद सोमवार को कारोबार शुरू होते ही चांदी और सस्ती हो गई. पिछले कारोबारी दिन चांदी 2,65,652 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, लेकिन सोमवार को ओपन होते ही यह 2,55,652 रुपये पर आ गई और फिर कुछ ही मिनटों में 2,49,713 रुपये प्रति किलो तक लुढ़क गई. यानी एक दिन में ही प्रति किलोग्राम 15,943 रुपये की भारी गिरावट दर्ज हुई.
चांदी अब 1.70 लाख रुपये सस्ती
चांदी में पिछले कुछ दिनों में जिस तेजी का रुख दिखा था, उससे भी तेजी से अब गिरावट आ रही है. पिछले गुरुवार को MCX पर 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव 4,20,048 रुपये के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा था. लेकिन इस स्तर से अब तक चांदी 1,70,335 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो चुकी है. यह गिरावट निवेशकों के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है.
सोने में भी चांदी जैसी तेज गिरावट
सोने की कीमतें भी चांदी की तरह ही धड़ाम दिख रही हैं. बजट के दिन सोना करीब 13,000 रुपये तक टूटा था, हालांकि उसके बाद थोड़ी रिकवरी जरूर देखी गई. रविवार को सोना 1,47,753 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, लेकिन सोमवार को MCX पर कारोबार शुरू होते ही यह 1,43,321 रुपये तक फिसल गया. इस तरह 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 4,432 रुपये कम हो गया.
सर्वकालिक उच्च स्तर से सोना अब 49,775 रुपये सस्ता
सोने ने भी पिछले गुरुवार को तूफानी तेजी दिखाते हुए 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का नया उच्च स्तर छुआ था. लेकिन इसके बाद से कीमतें लगातार बिखर रही हैं और अब तक सोना 49,775 रुपये सस्ता हो चुका है. यह गिरावट उन निवेशकों के लिए बड़ा नुकसान साबित हो रही है, जिन्होंने हाल के दिनों में ऊंचे भाव पर खरीदारी की थी.


