Gold-Silver Price Today: दिल्ली से मुंबई तक बदला रेट, जानें आपके शहर में कितना सस्ता हुआ गोल्ड-सिल्वर

वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और घरेलू स्तर पर मांग में कमी के चलते भारतीय सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. जानिए आज आपके शहर में सोने-चांदी का भाव क्या हैं.

calender

नई दिल्ली: वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और घरेलू स्तर पर मांग में कमी के चलते भारतीय सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. दो दिनों के साप्ताहिक अवकाश के बाद जब सोमवार को कमोडिटी बाजार खुला, तो निवेशकों को भारी बिकवाली का सामना करना पड़ा. 

क्या हैं प्रमुख शहरों में सोने के ताजा भाव?

देश के अलग-अलग महानगरों में सोने की कीमतों में आंशिक अंतर देखा जा रहा है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज 24 कैरेट सोना 14,622 रुपये प्रति ग्राम, 22 कैरेट सोना 13,404 रुपये प्रति ग्राम और 18 कैरेट सोना 10,970 रुपये प्रति ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है. आर्थिक राजधानी मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में कीमतें लगभग एक समान बनी हुई हैं. इन चारों शहरों में आज 24 कैरेट सोने का भाव 14,607 रुपये प्रति ग्राम, 22 कैरेट का भाव 13,389 रुपये प्रति ग्राम और 18 कैरेट का भाव 10,955 रुपये प्रति ग्राम चल रहा है. 

अहमदाबाद में सोने की कीमत

गुजरात के अहमदाबाद में 24 कैरेट सोने की कीमत 14,612 रुपये प्रति ग्राम, 22 कैरेट की कीमत 13,394 रुपये प्रति ग्राम और 18 कैरेट की कीमत 10,960 रुपये प्रति ग्राम दर्ज की गई. वहीं चेन्नई में सोना अन्य शहरों के मुकाबले थोड़ा महंगा है, जहां 24 कैरेट का भाव 14,836 रुपये, 22 कैरेट का भाव 13,599 रुपये और 18 कैरेट का भाव 11,369 रुपये प्रति ग्राम है.

सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव आज सुबह तक 1.39% यानी करीब 2,070 रुपये टूटकर 1,47,239 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,49,309 रुपये पर बंद हुआ था. अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो कॉमेक्स पर सोना 0.80% की कमजोरी के साथ 4,212.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 0.41% की गिरावट के साथ 66.045 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी. इस गिरावट का सीधा असर भारतीय खुदरा और थोक बाजारों पर देखा जा रहा है. अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, दिल्ली में सभी टैक्स सहित 24 कैरेट सोने की कीमत 1,50,600 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई.

चांदी भी हुई सस्ती

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी इस सप्ताह तगड़ी गिरावट आई है. पिछले सप्ताह चांदी लगभग 15,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक सस्ती हुई थी. सप्ताह के पहले दिन दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में 1 किलोग्राम चांदी का भाव 2,49,900 रुपये पर पहुंच गया है, जबकि चेन्नई और हैदराबाद में यह 2,54,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.

क्यों आ रही है बाजार में यह गिरावट?

बाजार विशेषज्ञों और कमोडिटी एनालिस्ट्स के अनुसार, वैश्विक स्तर पर निवेशकों का रुझान इस समय सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने से हटकर अमेरिकी डॉलर की तरफ बढ़ा है. डॉलर इंडेक्स में मजबूती आने के कारण सोने की कीमतों पर लगातार दबाव बना हुआ है. इसके साथ ही अमेरिका के फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को लंबे समय तक उच्च स्तर पर बनाए रखने की संभावनाओं ने भी सोने की चमक को कम किया है.

संपत्तियों में नया निवेश करने से बचें

भू-राजनीतिक मोर्चे पर अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के अगले चरण को लेकर बनी अनिश्चितता का असर भी बाजार की धारणा पर पड़ा है. स्विट्जरलैंड में होने वाली उच्च स्तरीय वार्ता के टलने से निवेशकों के बीच सतर्कता देखी जा रही है, जिससे लोग सोने जैसी सुरक्षित संपत्तियों में नया निवेश करने से बच रहे हैं. कारोबारियों का मानना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्थिरता नहीं आती, घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव का यह दौर जारी रह सकता है. First Updated : Monday, 22 June 2026