नई दिल्ली: वैश्विक स्तर पर जारी उथल-पुथल और अंतरराष्ट्रीय समीकरणों का सीधा असर भारतीय सर्राफा बाजार पर दिखने लगा है. सुरक्षात्मक निवेश के तौर पर कीमती धातुओं की मांग लगातार मजबूत हो रही है. जिससे सोने और चांदी की कीमतें घरेलू बाजार में ऊपरी स्तरों पर टिकी हुई हैं. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर पिछले कारोबारी सत्रों में दिखी मामूली मुनाफावसूली के बाद, आज यानी 4 जुलाई को देश के अलग-अलग हिस्सों में सोने और चांदी के भाव काफी ऊंचे बने हुए हैं.
सोने की ताजा कीमतें
भारतीय बाजारों में शुद्धता (कैरेट) के हिसाब से कीमतें तय की गई हैं. देश के प्रमुख राज्यों और शहरों में आज के भाव कुछ इस तरह हैं. चेन्नई में सोने के दाम सबसे ऊंचे स्तर पर हैं. 24 कैरेट के लिए 14,957, 22 कैरेट के लिए 13,701 और 18 कैरेट के लिए 11,441 प्रति ग्राम का भाव है. दिल्ली में 24 कैरेट का रेट 14,716, 22 कैरेट का रेट 13,491 और 18 कैरेट का रेट 11,041 पर आ गया है. मुंबई और दक्षिण भारत (बेंगलुरु, हैदराबाद, केरल) में 24 कैरेट शुद्ध सोना 14,701, 22 कैरेट 13,476 और 18 कैरेट 11,026 प्रति ग्राम पर बिक रहा है. कोलकाता के बाजार में भी आज मुंबई वाले रेट ही लागू है. 24 कैरेट का दाम 14,701, 22 कैरेट का दाम 13,476 और 18 कैरेट का दाम 11,026 दर्ज किया गया.
चांदी की चमक भी हुई तेज
इंडस्ट्रियल डिमांड और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर से आ रही खरीदारी के चलते चांदी भी कदमताल मिला रही है. आज भारतीय बाजार में सफेद धातु (चांदी) की कीमत 250.10 प्रति ग्राम यानी 2,50,100 प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच चुकी है. खासकर पारंपरिक गहनों और सिक्कों के शौकीनों के बीच चांदी की यह मांग कीमतों को लगातार सपोर्ट दे रही है.
क्यों बदल रहे हैं दाम?
भारत में सोने-चांदी का खेल मुख्य रूप से तीन चीजों पर चलता है. ग्लोबल मार्केट में डॉलर का उतार-चढ़ाव, अंतरराष्ट्रीय तनाव और हमारे देश का फेस्टिव सीजन इसलिए शादियों और त्योहारों के दौरान भारत में जेवरों की खपत अचानक बढ़ जाती है. इसलिए स्थानीय डीलर भी वैश्विक कीमतों के साथ सामंजस्य बिठाकर नए रेट तय करते हैं. ग्राहकों को सलाह है कि वे खरीदारी से पहले लोकल मार्केट में मेकिंग चार्जेस और टैक्स की जांच जरूर कर लें. First Updated : Saturday, 04 July 2026