दिवाली-छठ पर नहीं मिल रहा ट्रेन का टिकट? तो अब हर रूट पर चलेंगी 12,000 स्पेशल ट्रेनें, फटाफट करें बुक

Special Trains: इस दिवाली और छठ पूजा पर भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए 12,000 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा, जिनमें 150 अनारक्षित ट्रेनें भी शामिल हैं. वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का परीक्षण पूरा हो चुका है.

Simran Sachdeva

Special Trains: देश में दिवाली और छठ पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और लोग अपने घरों की ओर निकलने की योजना बनाने लगे हैं. ऐसे में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय रेलवे ने इस साल विशेष इंतजाम किए हैं. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस बार बीते साल की तुलना में और ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को अपने गंतव्य तक आरामदायक और समय पर पहुंचाया जा सके.

रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि दिवाली और छठ पूजा के अवसर पर बड़े शहरों से ग्रामीण इलाकों और बिहार, उत्तर प्रदेश जैसे प्रमुख राज्यों में बड़ी संख्या में लोग सफर करेंगे. रेलवे ने इस भीड़ को ध्यान में रखते हुए पिछले साल की तुलना में ज्यादा ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है.

पिछले साल से 4,500 ट्रेनें ज्यादा

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पिछले साल हमने 7,500 स्पेशल ट्रेनें संचालित की थीं. इस बार छठ और दिवाली पर यात्रियों की सुविधा के लिए इंडियन रेलवे 12,000 स्पेशल ट्रेनें चलाने का लक्ष्य रख रहा है. उन्होंने आगे बताया कि दिल्ली, मुंबई जैसे मेट्रो शहरों से उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों की ओर भारी संख्या में लोग जा रहे हैं. इसी वजह से इस साल यात्रियों को राहत देने के लिए ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी.

1 अक्टूबर से 15 नवंबर तक चलेंगी ट्रेनें

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अब तक 10,000 स्पेशल ट्रेनों की अधिसूचना जारी की जा चुकी है. इसमें से 150 ट्रेनें पूरी तरह अनारक्षित कैटेगरी की होंगी और अंतिम समय में चलाई जाएंगी. केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन 1 अक्टूबर से शुरू होगा और 15 नवंबर तक जारी रहेगा.

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का अपडेट

रेल मंत्री ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के बारे में भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि देश के 70 में से 29 डिवीजनों में हमारी समयपालनता 90% से ज्यादा हो चुकी है. वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का परीक्षण पूरा हो चुका है. हम एक साथ दो वंदे भारत स्लीपर रेक शुरू करेंगे. दूसरा रेक 15 अक्टूबर तक उपलब्ध हो जाएगा. अश्विनी वैष्णव ने ये भी कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से यात्रियों को और ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो