Sahara Refund: अब 10 लाख रुपये तक मिलेगा रिफंड, 45 दिन में खाते में आएगी राशि, जानें पूरी प्रक्रिया

 सहारा इंडिया की विभिन्न योजनाओं में निवेश करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. जिन निवेशकों का पैसा लंबे समय से अटका हुआ था, वे अब 10 लाख रुपये तक का रिफंड क्लेम कर सकते हैं. ध्यान रखने वाली बात ये है अगर आपने पहले से क्लेम कर रखा है, तो 45 दिन के बाद री-क्लेम कर सकते हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

सहारा रिफंड: सहारा इंडिया की विभिन्न योजनाओं में निवेश करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. जिन निवेशकों का पैसा लंबे समय से अटका हुआ था, वे अब 10 लाख रुपये तक का रिफंड क्लेम कर सकते हैं. केंद्र सरकार ने सहारा रिफंड प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है, जिससे निवेशकों को दोबारा आवेदन करने का अवसर मिलेगा.

खास बात यह है कि जिन लोगों ने पहले क्लेम किया था लेकिन दस्तावेजों की कमी या जानकारी में त्रुटि के कारण भुगतान नहीं मिला, वे अब सुधार कर पुनः आवेदन कर सकते हैं. पहले जहां अधिकतम 50 हजार रुपये तक का दावा स्वीकार किया जाता था, वहीं अब इस सीमा को बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया है. आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार 19 नवंबर 2025 से 10 लाख रुपये तक के दावों की सुविधा शुरू कर दी गई है.

10 लाख रुपये तक का दोबारा क्लेम संभव

अब सहारा इंडिया के निवेशक 10 लाख रुपये तक की राशि के लिए दोबारा आवेदन कर सकते हैं. यदि आपने पहले से क्लेम किया है, तो 45 दिन पूरे होने के बाद री-क्लेम कर सकते हैं. जिन आवेदनों में बैंक विवरण, दस्तावेज या अन्य जानकारी में गलती थी, उन्हें सुधारकर फिर से जमा किया जा सकता है.

सरकार के अनुसार, सही तरीके से दोबारा जमा किए गए दावों का निपटारा 45 कार्यदिवस के भीतर किया जाएगा. इससे पहले कई निवेशकों को 50,000 रुपये तक की राशि वापस मिल चुकी है. अब जिन आवेदनों में कमी पाई गई थी, उन्हें सुधार का अवसर दिया गया है.

ऑनलाइन होगी पूरी प्रक्रिया

रीसबमिशन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी. इसके लिए निवेशकों को CRCS-सहारा रिफंड पोर्टल पर जाना होगा. आवेदन करते समय आधार नंबर, मोबाइल नंबर और बैंक खाता विवरण पूरी तरह सही भरना अनिवार्य है. किसी भी प्रकार की गलत जानकारी क्लेम को फिर से अटका सकती है.

यदि आपने पहले 50 हजार रुपये तक का दावा किया है, तो 45 दिन बाद अपने आवेदन की स्थिति जांचें और आवश्यकता होने पर सुधार कर पुनः जमा करें.

रीसबमिशन और हेल्पलाइन जानकारी

रीसबमिशन के लिए पोर्टल (https://mocresubmit.crcs.gov.in/resubmission/#/home) पर जाकर आवेदन किया जा सकता है. तकनीकी समस्या या किसी प्रकार की सहायता के लिए पोर्टल हेल्पलाइन नंबर 011-20909044 और 011-20909045 पर संपर्क किया जा सकता है.

सहारा निवेशकों का बड़ा आंकड़ा

सरकारी अनुमान के अनुसार सहारा-SEBI खाते में लगभग 26,000 करोड़ रुपये जमा हैं, जिनमें से 5,000 करोड़ रुपये रिफंड के लिए अलग रखे गए थे. केंद्र सरकार ने 2022 में जानकारी दी थी कि सहारा इंडिया समूह की कंपनियों में करीब 13 करोड़ निवेशकों का पैसा लगा है और लगभग 1.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि फंसी हुई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag