'पैसा लो, भारत बदनाम करो?' AI Summit पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला

एआई समिट में हुए शर्टलेस विरोध के बाद सियासी घमासान और तेज हो गया है. भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि उसने इन्फ्लुएंसर्स को पैसे देकर समिट को बदनाम करने की साजिश रची। वहीं, कुछ इन्फ्लुएंसर्स के वीडियो सामने आने से विवाद और गहरा गया है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: एआई समिट में हुए शर्टलेस विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच जारी टकराव अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने सुनियोजित साजिश के तहत सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को पैसे देकर एआई समिट को बदनाम करने की कोशिश की.

बीजेपी का दावा है कि कांग्रेस की पीआर टीम ने कई इन्फ्लुएंसर्स से संपर्क कर उन्हें 10,000 से 40,000 रुपये तक की पेशकश की, ताकि वे समिट को असफल बताते हुए नकारात्मक वीडियो तैयार करें और सोशल मीडिया पर प्रसारित करें.

बीजेपी का आरोप

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावालाने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने लिखा,"कांग्रेस का पैसा लो, AI समिट, भारत बदनाम करो मॉडल। कांग्रेस इकोसिस्टम ने AI समिट की बुराई करने के लिए पैसे दिए? BJP विरोध में देश विरोध? शर्टलेस एक्ट के बाद, अब ये?"

उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि देश की छवि खराब करने का प्रयास है.

इन्फ्लुएंसर्स के सामने आए वीडियो

विवाद उस समय और गहरा गया जब कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने सार्वजनिक रूप से दावा किया कि उन्हें कांग्रेस से जुड़े लोगों की ओर से स्क्रिप्टेड कंटेंट बनाने का प्रस्ताव मिला था.


वीडियो संदेशों में उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें एआई समिट की आलोचना करने के बदले भुगतान की पेशकश की गई. कुछ इन्फ्लुएंसर्स ने यह भी कहा कि उनके पास कथित चैट मैसेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग जैसे सबूत मौजूद हैं.

शर्टलेस विरोध से शुरू हुआ विवाद

गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान प्रदर्शनी हॉल के भीतर शर्टलेस प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारियों ने सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे लिखी टी-शर्ट पहन रखी थीं. सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाल दिया.

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने आईवाईसी अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. सहित आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया.

कांग्रेस की प्रतिक्रिया का इंतजार

बीजेपी ने कांग्रेस को "एंटी-इंडिया" बताते हुए आरोप लगाया कि वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि धूमिल करने का प्रयास करती रही है. हालांकि, इन आरोपों पर कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag