Holi 2026: क्या आपका मावा सेफ है? कानपुर में 9 क्विंटल जहरीला मावा जब्त, इन 5 तरीकों से घर पर शुद्धता की करें पहचान

होली का त्यौहार बस कुछ ही दिनों में आने वाला है. ऐसे में मिठाइयां बनाने के लिए बाजार में मिलावटखोरों की नजर तेज हो गई है, हालांकि आपको आज ऐसे 5 तरीका बताएंगे, जिससे आप घर बैठे मिलावटी और नकली मावे की पहचान कर सकते है.

Sonee Srivastav

Holi 2026: होली के त्योहार में मावा से बनी मिठाइयां जैसे गुजिया, मालपुआ और पेड़े सबकी पसंद होती है लेकिन बाजार में मिलावटखोरों की वजह से कई बार नकली या मिलावटी मावा आ जाता है, जो सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है. अभी हाल ही में कुछ ऐसा ही मामला कानपुर से सामने आया है.

कानपुर में बड़ी कार्रवाई

होली से पहले खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन (FSDA) ने कानपुर में बड़ी कार्रवाई की. बुधवार को पंकी रेलवे स्टेशन पर छापेमारी में एतावा-कानपुर पैसेंजर ट्रेन से लाया गया लगभग 9 क्विंटल मिलावटी मावा जब्त किया गया. इसकी कीमत करीब 3.42 लाख रुपये थी. मावा गंदे कपड़ों में लिपटा हुआ और बेहद अस्वच्छ हालत में था. 

कोई मालिक आगे नहीं आया, इसलिए इसे तुरंत कूड़ा निपटान संयंत्र ले जाकर नष्ट कर दिया गया. साथ ही मिलावटी खाद्य तेल भी जब्त किया गया, कुल मूल्य 29.8 लाख रुपये के आसपास था. यह कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर की गई, ताकि त्योहारों में लोगों को सुरक्षित भोजन मिल सके.

मावा में क्या मिलावट की जाती है?

विशेषज्ञों के अनुसार, नकली मावा बनाने में स्टार्च, वनस्पति वसा, चाक पाउडर और ब्लॉटिंग पेपर जैसी चीजें मिलाई जाती है. स्टार्च से मात्रा बढ़ती है, चाक पाउडर से रंग चमकदार लगता है और वनस्पति वसा से बनावट बदल जाती है. ऐसे में घर पर ही मावा की जांच करना जरूरी है.

घर पर मावा की शुद्धता जांचने के 5 आसान तरीके

1. आयोडीन टेस्ट (स्टार्च की जांच)

FSSAI के अनुसार, एक चम्मच मावा लें और गर्म पानी में डालें. इसमें थोड़ा आयोडीन मिलाएं. अगर मिश्रण नीला हो जाता है, तो मावा में स्टार्च मिलाया गया है. नीला रंग न आए तो मावा शुद्ध है.

2. सल्फ्यूरिक एसिड टेस्ट (केमिकल्स की जांच)

एक छोटा सा मावा का टुकड़ा लें और उसमें थोड़ा सांद्रित सल्फ्यूरिक एसिड मिलाएं. अगर बैंगनी रंग बनता है, तो मावा में फॉर्मेलिन जैसे हानिकारक केमिकल हो सकते हैं.

3. हाथ से रगड़कर जांच (ताजगी और बनावट)

खरीदते समय ही थोड़ा मावा हाथ पर रगड़ें. शुद्ध मावा तैलीय और दानेदार होता है, हाथ पर चिकनाई छोड़ता है और हल्की मिठास महसूस होती है. अगर ऐसा नहीं होता, तो मिलावट संदेह है.

4. हाइड्रोक्लोरिक एसिड और चीनी टेस्ट (वनस्पति की जांच)

मावा में 2 बड़े चम्मच हाइड्रोक्लोरिक एसिड और 1 बड़ा चम्मच चीनी मिलाएं. अगर मिश्रण लाल हो जाता है, तो वनस्पति (वनस्पति घी) मिली हुई है.

5. चीनी के साथ गर्म करके जांच

मावा को पैन में गर्म करें और 1 बड़ा चम्मच चीनी डालें. चीनी पिघलने पर अगर पानी अलग निकलने लगे, तो मावा मिलावटी है. 

इन सरल तरीकों से आप घर पर ही मावा की जांच कर सकते हैं. हमेशा विश्वसनीय दुकान से खरीदें और त्योहारों में सेहत का ध्यान रखें. सुरक्षित मावा से होली की मिठाइयां बनाएं और सबकों खिलाएं .

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो