इटली में मोदी-मेलोनी की ‘मेलोडी’ मुलाकात का असर, पार्ले इंडस्ट्रीज के शेयर में लगा अपर सर्किट

इटली दौरे के दौराननरेंद्र मोदी द्वारा जॉर्जिया मेलोनी को 'मेलोडी' टॉफी गिफ्ट करना सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसका असर शेयर बाजार में भी दिखा और पार्ले इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयर में 5% का अपर सर्किट लग गया.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुई 'मेलोडी' टॉफी ने शेयर बाजार में भी हलचल मचा दी. बुधवार को पार्ले इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 5 प्रतिशत के अपर सर्किट के साथ बंद हुए. कंपनी का शेयर 5 रुपये से बढ़कर 5.25 रुपये तक पहुंच गया.

यह तेजी उस वक्त देखने को मिली जब प्रधानमंत्री मोदी ने रोम दौरे के दौरान जियोर्जिया मेलोनी को भारतीय टॉफी ‘मेलोडी’ गिफ्ट की. इसके बाद मेलोनी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए 'उपहार के लिए धन्यवाद' लिखा, जो कुछ ही समय में वायरल हो गया.

सोशल मीडिया वायरल होते ही शेयर में उछाल

बाजार में सुबह तक पार्ले इंडस्ट्रीज का शेयर 4.84 रुपये से 5 रुपये के बीच सामान्य कारोबार कर रहा था. लेकिन दोपहर करीब 12:30 बजे के बाद शेयर में अचानक तेजी आ गई.

दरअसल, उसी दौरान मेलोनी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगा. वीडियो में उन्हें ‘मेलोडी’ टॉफी दिखाते हुए देखा गया. इसके बाद निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी और शेयर सीधे अपर सर्किट पर पहुंच गया.

 चर्चा में 'मेलोडी' टॉफी

प्रधानमंत्री मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने मेलोनी को खास भारतीय गिफ्ट के तौर पर ‘मेलोडी’ टॉफी भेंट की. यह टॉफी वर्षों से भारतीय बाजार में लोकप्रिय रही है और बच्चों से लेकर बड़ों तक के बीच पसंद की जाती है.

सोशल मीडिया पर इस मुलाकात को ‘मेलोडी मोमेंट’ नाम दिया गया, जिसने ऑनलाइन यूजर्स के साथ-साथ निवेशकों का भी ध्यान खींच लिया.

पार्ले इंडस्ट्रीज और पार्ले प्रोडक्ट्स में अंतर

कई लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बनी रही कि पार्ले इंडस्ट्रीज वही कंपनी है जो पारले-जी बिस्किट बनाती है. हालांकि Parle Products और पार्ले इंडस्ट्रीज अलग-अलग कंपनियां हैं.

पार्ले इंडस्ट्रीज एक सूचीबद्ध कंपनी है, जो मेलोडी जैसी मिठाइयों और कन्फेक्शनरी उत्पादों का कारोबार करती है. कंपनी का मार्केट कैप करीब 25.64 करोड़ रुपये बताया गया है.

वायरल खबरों का शेयर बाजार पर असर

दलाल स्ट्रीट में अक्सर वायरल घटनाओं, मशहूर हस्तियों या सोशल मीडिया ट्रेंड का असर देखने को मिलता है. इस मामले में भी एक साधारण राजनयिक उपहार ने निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ा दी और शेयर बाजार में हलचल पैदा कर दी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो