भारत में लॉन्च हुआ रॉयल एनफील्ड की पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल, बुकिंग और टेस्ट राइड 10 अप्रैल से शुरू, जानिए रेंज, कीमत और फीचर्स

रॉयल एनफील्ड ने पहली बार इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल भारत में लॉन्च की है. इस मोटरसाइकिल का नाम है फ्लाइंग फ्ली C6. आइए जानते हैं इसकी कीमत रेंज और फीचर्स के बारें में विस्तार से.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: रॉयल एनफील्ड ने इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में कदम रखते हुए अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल फ्लाइंग फ्ली C6 लॉन्च कर दी है. यह नई ई-बाइक पुरानी यादों को ताजा करती है और आधुनिक तकनीक से लैस है. कंपनी ने इसे अपने नए EV सब-ब्रांड फ्लाइंग फ्ली के तहत पेश किया है.

कीमत और उपलब्धता

इस मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत 2.79 लाख रुपये रखी गई है. बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) विकल्प चुनने पर कीमत घटकर 1.99 लाख रुपये हो जाती है. बुकिंग और टेस्ट राइड कल यानी 10 अप्रैल से बेंगलुरु के जयनगर स्थित पहले फ्लाइंग फ्ली शोरूम में शुरू होंगे. डिलीवरी मई के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है. शुरुआत में यह बाइक चरणबद्ध तरीके से विभिन्न शहरों में उपलब्ध होगी.

फ्लाइंग फ्ली C6 की डिजाइन और बैटरी

फ्लाइंग फ्ली C6 का नाम 1940 के दशक की हल्की मोटरसाइकिल से लिया गया है. इसका नियो-विंटेज लुक आकर्षक है, जो रोजाना इस्तेमाल के लिए उपयुक्त है. इसमें 3.91 kWh की लिथियम-आयन बैटरी लगाई गई है, जो एयर-कूल्ड है और मैग्नीशियम एलॉय केसिंग में रखी गई है. यह बाइक हल्की है, इसका वजन सिर्फ 124 किलो है.

परफॉर्मेंस और रेंज

यह बाइक एक परमानेंट मैग्नेट मोटर से चलती है, जो करीब 20.6 hp पावर और 60 Nm टॉर्क देती है. टॉप स्पीड 115 किमी/घंटा तक है और 0 से 60 किमी/घंटा की स्पीड सिर्फ 3.7 सेकंड में पकड़ लेती है. एक फुल चार्ज पर IDC रेंज 154 किमी तक मिलती है, जो शहर की डेली कम्यूटिंग के लिए काफी अच्छी है.

चार्जिंग समय 2 घंटे 16 मिनट

बैटरी को 0 से 100 प्रतिशत चार्ज होने में लगभग 2 घंटे 16 मिनट का समय लगता है. 20 से 80 प्रतिशत तक चार्जिंग में करीब 65 मिनट लगते है. इसमें रैपिड, स्टैंडर्ड और ट्रिकल चार्जिंग मोड है. वायरलेस चार्जिंग का भी सपोर्ट मिलता है. इसे घर के सामान्य वॉल आउटलेट से आसानी से चार्ज किया जा सकता है.

फीचर्स और सेफ्टी

बाइक में 3.5 इंच का कलर TFT टचस्क्रीन, USB-C चार्जिंग पोर्ट और वायरलेस फोन चार्जिंग जैसी सुविधाएं है. इलेक्ट्रॉनिक हैंडलबार लॉक भी दिया गया है. सस्पेंशन में गर्डर लिंकेज फ्रंट सेटअप और रियर मोनोशॉक है. दोनों तरफ 19 इंच के ट्यूबलेस टायर लगे हैं. ब्रेकिंग के लिए डिस्क ब्रेक और डुअल-चैनल ABS उपलब्ध है, जिसमें लीन-एंगल सेंसिटिव ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल भी है. अन्य सेफ्टी फीचर्स में टिप-ओवर अलर्ट और लोकेशन शेयरिंग शामिल है.

ग्राउंड क्लीयरेंस 207 mm है, जो खराब सड़कों पर आसानी देता है. यह बाइक स्टॉर्म ब्लैक और फ्ली ग्रीन कलर में उपलब्ध होगी. फ्लाइंग फ्ली C6 हल्के एल्युमिनियम फ्रेम के साथ आती है, जो कस्टमाइजेशन की छूट देता है. भविष्य में और वैरिएंट लॉन्च किए जा सकते हैं. यह इलेक्ट्रिक बाइक उन राइडर्स के लिए अच्छा विकल्प है जो प्रदूषण मुक्त और मजेदार सवारी चाहते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो