4 साल बाद दिल्ली में पेट्रोल ₹100 के पार! इस महीने चौथी बार महंगा हुआ ईंधन, जानें मुंबई समेत बड़े शहरों में ताजा दाम
इस महीने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चौथी बार बढ़ोतरी की गई है. आज से पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर बढ़ गया है.

नई दिल्ली: आज सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इस महीने की चौथी बढ़ोतरी कर दी गई है. पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर महंगा हो गया है, जबकि डीजल ₹2.71 प्रति लीटर बढ़ गया है. सरकारी तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर उपभोक्ताओं पर डाल दिया है.
दिल्ली और मुंबई में नई कीमतें
दिल्ली पेट्रोल: ₹102.12 प्रति लीटर (₹2.61 की बढ़ोतरी)
डीजल: ₹95.20 प्रति लीटर (₹2.71 की बढ़ोतरी)
मुंबई पेट्रोल: ₹111.21 प्रति लीटर
अन्य बड़े शहरों की कीमतें
कोलकाता: पेट्रोल ₹113.51, डीजल ₹99.82
चेन्नई: पेट्रोल ₹107.77, डीजल ₹99.55
बेंगलुरु: पेट्रोल ₹110.69, डीजल ₹98.69
दिल्ली में पेट्रोल चार साल बाद ₹100 के ऊपर पहुंच गया है. आखिरी बार मई 2022 में पेट्रोल ₹105.41 प्रति लीटर बिका था.
क्यों बढ़ रही हैं कीमतें?
विश्व बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं. अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है. इसके अलावा हॉर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने से कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है. इन सब कारणों से तेल कंपनियां कीमतें लगातार बढ़ा रही हैं.
कुल कितनी बढ़ी कीमत?
15 मई से शुरू हुई रोजाना कीमत समीक्षा के बाद अब तक पेट्रोल और डीजल दोनों में कुल करीब ₹7.5 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है. यह इस महीने में चौथी बढ़ोतरी है
15 मई: ₹3 की बढ़ोतरी
19 मई: ₹0.90 की बढ़ोतरी
24 मई: औसत ₹0.90 की बढ़ोतरी
26 मई: ₹2.61-2.71 की बढ़ोतरी
पिछले सालों का इतिहास
अप्रैल 2022 से पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगभग स्थिर रही. मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले सिर्फ ₹2 प्रति लीटर की छूट दी गई थी. इस बार कीमतें मई 2022 के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है. पहले दो-ढाई महीने तक कंपनियां कीमतें नहीं बढ़ा रही थी, जिससे उपभोक्ताओं को महंगाई से बचाया जा सके.
सरकार का कहना है कि उपभोक्ताओं के हित में यह फैसला लिया गया था. विपक्षी पार्टियां आरोप लगा रही हैं कि राज्य चुनावों के बाद कीमतें बढ़ाई जा रही हैं.
आम लोगों पर असर
पेट्रोल-डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट, सामान की ढुलाई और रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर असर पड़ेगा. आम आदमी पहले से ही महंगाई की मार झेल रहा है. ऐसा मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें और बढ़ी तो आगे भी कीमतें बढ़ सकती हैं. उपभोक्ताओं को सलाह दी जा रही है कि ईंधन का इस्तेमाल सावधानी से करें और जरूरत पड़ने पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें.


