लखनऊ में आज प्रतीक यादव की तेरहवीं, अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया पर साझा किया कार्ड
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव की तेरहवीं आज सोमवार को आयोजित हो रही है. अपर्णा ने सोशल मीडिया पर श्राद्ध कार्यक्रम का कार्ड साझा किया, जिसमें अखिलेश यादव समेत परिवार के कई प्रमुख नाम शामिल हैं.

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव की तेरहवीं सोमवार को लखनऊ में आयोजित की जा रही है. प्रतीक यादव का 13 मई को निधन हो गया था. उनकी पत्नी अपर्णा यादव ने रविवार देर शाम सोशल मीडिया पर श्राद्ध कार्यक्रम का कार्ड साझा किया, जिसमें यादव परिवार के कई प्रमुख सदस्यों के नाम शामिल हैं.
प्रतीक यादव की तेरहवीं उनके विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर दोपहर 12 बजे से होगी. सोशल मीडिया पर साझा किए गए कार्ड में अखिलेश यादव शिवपाल सिंह यादव समेत परिवार के कई सदस्यों का नाम दर्ज है. माना जा रहा है कि कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता भी श्रद्धांजलि देने पहुंच सकते हैं.
अपर्णा यादव ने साझा किए दो कार्ड
अपर्णा यादव ने रविवार रात करीब 8 बजे फेसबुक और एक्स पर पहला कार्ड पोस्ट किया. इसमें उनके और अखिलेश यादव के साथ दोनों बेटियों पद्मजा और प्रथमा के अलावा अमन, अदिति और अत्यना के नाम भी शामिल थे. जानकारी के मुताबिक, अमन अपर्णा यादव के भाई हैं, जबकि अदिति अखिलेश यादव की बड़ी बेटी हैं. करीब एक घंटे बाद अपर्णा यादव ने फेसबुक पर दूसरा कार्ड साझा किया. इस कार्ड में अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र यादव, डिंपल यादव, तेज प्रताप यादव और आदित्य यादव समेत मुलायम परिवार के कई सदस्यों के नाम शामिल किए गए.
— Aparna Bisht Yadav (@aparnabisht7) May 24, 2026
अंतिम यात्रा से अस्थि विसर्जन तक साथ दिखा परिवार
प्रतीक यादव के निधन के बाद पूरा यादव परिवार एकजुट नजर आया. अस्पताल से लेकर अंतिम संस्कार और अस्थि विसर्जन तक परिवार के सदस्य साथ दिखाई दिए. निधन की खबर मिलने के बाद सबसे पहले अस्पताल पहुंचने वालों में अखिलेश यादव शामिल थे. दाह संस्कार के दौरान अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, आदित्य यादव, तेज प्रताप यादव और धर्मेंद्र यादव समेत परिवार के कई सदस्य अंत्येष्टि स्थल पर मौजूद रहे. वहीं हरिद्वार में हुए अस्थि विसर्जन के दौरान भी आदित्य यादव, अपर्णा यादव और उनकी बेटियों के साथ दिखाई दिए.
तेरहवीं में जुटेगा पूरा मुलायम परिवार
सूत्रों के मुताबिक, मुलायम परिवार के सभी सदस्य तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होंगे. इससे पहले मुलायम सिंह यादव के निधन के समय भी पूरा परिवार एक साथ नजर आया था. अब प्रतीक यादव की तेरहवीं पर भी परिवार के एकजुट होने की तस्वीर देखने को मिलेगी.


