Stock Market Crash: PM मोदी की अपील से टूटा शेयर बाजार, लाल निशान देख निवेशकों के उड़े होश; जानिए किन शेयरों पर पड़ा ज्यादा असर

शेयर बाजार में सोमवार को भारी क्रैश देखने को मिला, सेंसेक्स 944 अंक और निफ्टी 275 अंक गिरकर खुला. PM मोदी की सोना न खरीदने और पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील के साथ अमेरिका-ईरान तनाव व कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने निवेशकों में खौफ पैदा कर दिया.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: शेयर बाजार में सोमवार को भारी गिरावट दर्ज की गई है. वैश्विक तनाव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील ने निवेशकों में खौफ पैदा कर दिया, जिसके कारण कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स जोरदार क्रैश हो गए. 

खुलते ही भारी गिरावट

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स पिछले बंद 77,328 अंक से 944 अंक टूटकर 76,384 के आसपास खुला. कुछ मिनटों में यह और नीचे गिरा. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 275 अंक की गिरावट के साथ 23,901 पर खुला. बाजार के हर सेक्टर में लाल निशान दिखाई दिए.

PM मोदी की अपील का असर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे एक साल तक सोना न खरीदें और पेट्रोल-डीजल की बचत करें. उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों में चल रही जंग का असर भारत पर भी पड़ रहा है. इस अपील के बाद सोने से जुड़े शेयरों और ईंधन से संबंधित कंपनियों में दबाव बढ़ गया. निवेशक इस बात से चिंतित हैं कि मांग घटने से कई सेक्टर प्रभावित हो सकते हैं.

अमेरिका-ईरान तनाव ने बढ़ाई मुश्किल

बाजार में गिरावट का एक बड़ा कारण अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता के प्रस्ताव पर फिर से बिगड़ी बात है. इसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया. ब्रेंट क्रूड में 3 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई. महंगाई बढ़ने का डर और ऊर्जा संकट की आशंका ने भारतीय शेयर बाजार को नुकसान पहुंचाया. 

किन शेयरों पर पड़ा सबसे ज्यादा असर?

बाजार में लगभग सभी सेक्टर लाल नजर आए. बड़े शेयरों में TCS, Infosys, Tech Mahindra, Sun Pharma, Tata Steel, ICICI Bank, Kotak Bank और ITC शामिल रहे. 

सबसे ज्यादा गिरावट वाले शेयर

Titan (6.5%)
IndiGo (4%)
SBI (3.5%)
Bharti Airtel (2.6%)

मिडकैप शेयरों में Ashok Leyland, Godrej Properties, Muthoot Finance, Suzlon और Paytm भी भारी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. वैश्विक अनिश्चितता और घरेलू अपील के कारण बाजार में सतर्कता बढ़ गई है. कई निवेशक मुनाफा वसूली कर रहे हैं. हालांकि यह गिरावट अस्थायी हो सकती है, लेकिन फिलहाल बाजार में खौफ का माहौल है.

PM मोदी की अपील और मिडिल ईस्ट तनाव के बीच शेयर बाजार के इस क्रैश ने पूरे कारोबारी हफ्ते की शुरुआत भारी नुकसान के साथ की है. निवेशकों को सलाह दी जा रही है कि वे सावधानी बरतें और बाजार की नई खबरों पर नजर रखें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो