काठमांडू एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान टर्किश एयरलाइंस के विमान में लगी आग, घंटों प्रभावित रहा फ्लाइट ऑपरेशन

इस्तांबुल से काठमांडू पहुंची टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान अचानक आग लगने से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई. दमकल टीम की तेजी से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

Shraddha Mishra

काठमांडू: नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इस्तांबुल से आ रही टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK726 लैंडिंग के दौरान अचानक आग की चपेट में आ गई. विमान के पहियों से उठती आग की लपटों ने कुछ मिनटों के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों और अधिकारियों की सांसें रोक दीं. हालांकि राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग ने तेजी दिखाते हुए आग पर तुरंत काबू पा लिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

जानकारी के मुताबिक, टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK726 इस्तांबुल से काठमांडू पहुंची थी. सोमवार सुबह करीब 6 बजकर 45 मिनट पर जैसे ही विमान रनवे पर उतरा, उसके पहियों में अचानक आग लग गई. विमान से धुआं और आग की लपटें निकलती देख एयरपोर्ट पर तुरंत इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया. नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अधिकारियों ने तुरंत रेस्क्यू टीम और दमकल कर्मियों को मौके पर भेजा. कुछ ही देर में आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

इमरजेंसी दरवाजे खोलकर यात्रियों को निकाला गया 

विमान में चार बच्चों समेत कुल 277 यात्री सवार थे. इसके अलावा चालक दल के 11 सदस्य भी मौजूद थे. हादसे के तुरंत बाद विमान के इमरजेंसी गेट खोले गए और सभी यात्रियों को तेजी से बाहर निकाला गया. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. 

अधिकारियों ने बताया कि विमान में कुछ कार्गो सामान और शव भी ले जाए जा रहे थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया. नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी ने दी जानकारी

एयरपोर्ट सुरक्षा विभाग के एसपी राजकुमार सिलावल ने बताया कि टर्किश एयरलाइंस का विमान इस्तांबुल से काठमांडू आ रहा था. लैंडिंग के दौरान विमान के टायर में आग लग गई थी, लेकिन दमकल टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग बुझा दी. उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित निकालना पहली प्राथमिकता थी और इसमें सफलता मिली. अधिकारियों के अनुसार, विमान में संयुक्त राष्ट्र से जुड़े कुछ अधिकारी भी यात्रा कर रहे थे.

रनवे बंद होने से कई उड़ानें प्रभावित

घटना के बाद विमान को रनवे से तुरंत नहीं हटाया जा सका, जिसके कारण एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित हो गया. बड़े विमानों के लिए रनवे बंद होने की वजह से कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स को आसमान में ही होल्ड पर रखना पड़ा. दिल्ली से काठमांडू पहुंच रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 215 को लैंडिंग की अनुमति मिलने में देरी हुई. 

वहीं शारजाह से आने वाली एयर अरेबिया की फ्लाइट G9 536 भी काफी देर तक हवा में चक्कर लगाती रही. इसके अलावा दुबई, भूटान, क्वालालंपुर और ग्वांगझाओ से आने वाली उड़ानों को भी इंतजार करना पड़ा. एयर ट्रैफिक कंट्रोल लगातार विमानों को निर्देश देता रहा ताकि किसी तरह की दूसरी आपात स्थिति पैदा न हो.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो