नोएडा की पिज्जा शॉप में गंदी हरकत! थूक लगाकर तैयार करता था ऑर्डर, वायरल खबर ने मचाया बवाल

नोएडा के सेक्टर-22 स्थित चौड़ा गांव की एक पिज्जा दुकान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दुकानदार पर पिज्जा बेस पर थूककर ऑर्डर तैयार करने का आरोप लगा है. दावा है कि वही पिज्जा ग्राहकों को भी परोसा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नोएडा के सेक्टर-22 स्थित चौड़ा गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिज्जा दुकान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. वायरल वीडियो में दुकान संचालक पर पिज्जा बेस पर थूककर उसे तैयार करने और फिर ग्राहकों को सर्व करने का आरोप लगाया गया है. वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी देखने को मिली.

मामला थाना सेक्टर-24 क्षेत्र का बताया जा रहा है. खबर वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी.

पिज्जा बनाते समय हुआ वायरल वीडियो

जानकारी के मुताबिक चौड़ा गांव में ‘पिज्जा हंट’ नाम से दुकान चलाने वाले युवक की पहचान मुजम्मिल के रूप में हुई है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया गया कि युवक पिज्जा बेस तैयार करते समय उस पर थूक रहा था. वीडियो वायरल होते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले को लेकर विरोध शुरू हो गया. स्थानीय लोगों के साथ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी दुकान पर पहुंच गए, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया.

हिंदू संगठनों ने जताया विरोध

वहां मौजुद लोगों के अनुसार वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. आरोप है कि युवक ग्राहकों को वही पिज्जा सर्व कर रहा था, जिसे तैयार करते समय वह पिज्जा बेस पर थूक रहा था. हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई.

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दुकान से जुड़े कुछ सामान और वीडियो फुटेज को अपने कब्जे में लिया है. अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में रिकॉर्ड किया गया था.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है. वीडियो की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा सकती है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि फुटेज के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ तो नहीं हुई है.

दुकान में काम करने वालों से भी पूछताछ

जांच एजेंसियां दुकान में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही हैं. फिलहाल सोशल मीडिया पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग खाद्य पदार्थों की स्वच्छता तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठा रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो