अब बिना DAC कोड नहीं मिलेगा गैस सिलेंडर, जानिए कैसे करें असली-नकली मैसेज की पहचान
LPG सिलेंडर डिलीवरी में लागू नए DAC सिस्टम के बीच साइबर ठगी के मामले भी बढ़ने लगे हैं. गैस कंपनियों ने ग्राहकों को फर्जी OTP और नकली मैसेज से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कई जरूरी बातें साझा की हैं.

नई दिल्ली: अब एलपीजी गैस सिलेंडर की डिलीवरी पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित हो गई है. कंपनियों ने सिलेंडर वितरण में गड़बड़ी रोकने के लिए DAC यानी डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड सिस्टम को पूरी तरह लागू कर दिया है. इस नई व्यवस्था के तहत बिना सही कोड बताए सिलेंडर की डिलीवरी संभव नहीं होगी. इसका फायदा यह है कि सिलेंडर सही ग्राहक तक पहुंचेगा और चोरी या गलत डिलीवरी जैसी समस्याएं कम होंगी. लेकिन दूसरी तरफ साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं और नकली DAC मैसेज भेजकर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे में गैस कंपनियों ने ग्राहकों के लिए जरूरी अलर्ट जारी किया है.
DAC यानी Delivery Authentication Code एक तरह का OTP होता है, जो गैस सिलेंडर बुक होने के बाद ग्राहक के मोबाइल नंबर पर भेजा जाता है. डिलीवरी बॉय जब सिलेंडर लेकर घर पहुंचता है, तब ग्राहक को यह कोड बताना होता है. सही कोड मिलने के बाद ही सिलेंडर की डिलीवरी पूरी मानी जाती है. इस व्यवस्था का मकसद गैस सिलेंडर की फर्जी डिलीवरी रोकना और उपभोक्ताओं की सुरक्षा बढ़ाना है. कंपनियों का कहना है कि इससे सिलेंडर गलत व्यक्ति तक पहुंचने की संभावना लगभग खत्म हो जाती है.
फेक DAC मैसेज से रहें सावधान
HP Gas ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर ग्राहकों को सतर्क रहने की सलाह दी है. कंपनी के मुताबिक, साइबर अपराधी LPG डिलीवरी के नाम पर नकली मैसेज भेज सकते हैं और लोगों से OTP मांग सकते हैं. कंपनी ने बताया कि असली HP Gas मैसेज हमेशा आधिकारिक sender name “VM-HPGASc-S” से आता है.
इसमें चार अंकों का OTP दिया जाता है, जिसका इस्तेमाल केवल डिलीवरी के समय किया जाता है. HP Gas ने साफ कहा है कि कंपनी का कोई भी कर्मचारी फोन कॉल, WhatsApp मैसेज या किसी लिंक के जरिए OTP नहीं मांगता. अगर कोई मैसेज जल्दबाजी में कार्रवाई करने के लिए कहे या उसका फॉर्मेट अलग लगे, तो उस पर भरोसा नहीं करना चाहिए.
इंडेन ग्राहकों के लिए क्या है जरूरी सलाह?
साइबर एक्सपर्ट उपेंद्र सिंह का कहना है कि इंडेन उपभोक्ताओं को सबसे पहले यह जांचना चाहिए कि उन्होंने वास्तव में गैस सिलेंडर बुक कराया है या नहीं. अगर बिना बुकिंग के कोई डिलीवरी मैसेज आता है, तो उसे नजरअंदाज करना चाहिए. उन्होंने बताया कि असली इंडेन मैसेज आमतौर पर VK-INDANE या VM-INDANE जैसी आधिकारिक sender ID से आते हैं.
मैसेज में बुकिंग नंबर, इनवॉइस नंबर और छह अंकों का DAC कोड दिया जाता है. साथ ही यह भी लिखा होता है कि कोड केवल डिलीवरी बॉय के साथ साझा करें. विशेषज्ञों का कहना है कि DAC या OTP तभी बताना चाहिए जब डिलीवरी एजेंट सिलेंडर लेकर आपके घर पहुंच चुका हो. उससे पहले किसी के साथ भी कोड साझा नहीं करना चाहिए.
अलग-अलग शहरों में LPG सिलेंडर के नए रेट
देश के कई शहरों में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें अलग-अलग हैं. इंडेन के मुताबिक, बेंगलुरु में घरेलू सिलेंडर 915.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3152 रुपये में मिल रहा है. हैदराबाद में घरेलू सिलेंडर का रेट 965 रुपये है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 3315 रुपये का बिक रहा है. इंदौर में घरेलू गैस सिलेंडर 941 रुपये और कमर्शियल 3176.50 रुपये में उपलब्ध है.
पटना में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 1002.50 रुपये पहुंच गई है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 3346.50 रुपये में बिक रहा है. जयपुर में घरेलू सिलेंडर 916.50 रुपये और 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 3099 रुपये का है. इसके अलावा देहरादून में घरेलू सिलेंडर 932 रुपये और अंडमान में 989 रुपये में मिल रहा है.


