गर्मी से मिलेगी राहत! दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट

भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है. मौसम विभाग ने 11 से 13 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है. पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक मौसम का असर दिखेगा.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

देशभर में बढ़ती गर्मी और तपते तापमान से परेशान लोगों के लिए मौसम अब राहत की खबर लेकर आया है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं, बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने 11 मई से 13 मई तक कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है.

इस बार मई के शुरुआती दिनों में भीषण गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम देखने को मिला है. अब पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है. मैदानों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर लोगों को गर्मी से राहत दिला सकता है.

दिल्ली-NCR में तीन दिन बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

दिल्ली में 11 से 13 मई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच सकता है. 12 और 13 मई को भी मौसम का यही रुख बना रहेगा. हालांकि 14 मई से मौसम साफ होने लगेगा और 16 मई के बाद तापमान फिर 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है.

पंजाब और हरियाणा में भी 11 से 14 मई तक तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इसके बाद मौसम सामान्य हो सकता है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का असर

11 से 13 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इसके साथ गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश में 11 से 15 मई और उत्तराखंड में 11 से 14 मई तक बारिश और तेज हवाओं का असर बना रहेगा. वहीं 11 और 12 मई को जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12 और 13 मई को भी मौसम ऐसा ही बना रह सकता है.

यूपी-राजस्थान में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम करवट लेने जा रहा है. 11 मई से इन राज्यों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक का असर दिखाई दे सकता है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 और 13 मई को, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 और 14 मई को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं राजस्थान में 11 और 12 मई के दौरान तेज हवाओं और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. हवाओं की रफ्तार 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

असम और मेघालय में 12 से 14 मई के दौरान बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.

अरुणाचल प्रदेश में 14 मई को, मेघालय में 11, 13 और 16 मई को तथा असम में 13 से 16 मई तक भारी बारिश हो सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 15 और 16 मई को भी भारी बारिश की संभावना है.

बिहार-बंगाल से लेकर झारखंड तक बारिश का असर

बिहार, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 11 से 14 मई के दौरान बारिश, गरज और तेज हवाएं चल सकती हैं. हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

पश्चिम बंगाल में 11 मई को और झारखंड में 11 से 16 मई तक इसी तरह का मौसम बना रहने का अनुमान है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 11 और 14 से 16 मई के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

दक्षिण भारत में भी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में 11 से 14 मई तक बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.

रायलसीमा, तेलंगाना और लक्षद्वीप में भी गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में 11 से 16 मई तक कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो