अमेरिका के प्रस्ताव पर ईरान का जवाब, पाकिस्तान बना संदेशवाहक
अमेरिका के युद्ध खत्म करने वाले प्रस्ताव पर ईरान ने पाकिस्तान के जरिए जवाब भेजा है, जिससे दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत तेज हुई है.

ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव को कम करने और युद्ध जैसी स्थिति को समाप्त करने की कोशिशों के बीच एक नया कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है. अमेरिका ने ईरान को संघर्ष समाप्त करने के उद्देश्य से एक प्रस्ताव भेजा था, जिस पर अब ईरान ने अपना जवाब दे दिया है. रिपोर्ट के अनुसार, तेहरान ने इस प्रस्ताव का जवाब पाकिस्तान के माध्यम से वॉशिंगटन तक पहुंचाया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि दोनों देशों के बीच बैकडोर डिप्लोमेसी तेज हो गई है.
प्रस्ताव पर सहमति की उम्मीद
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान जल्द ही अमेरिकी प्रस्ताव पर अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया देगा. उन्होंने यह भी कहा था कि यह प्रस्ताव दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को कम करने और युद्ध को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है. ट्रंप ने कहा था कि उन्हें जल्द जवाब मिलने की उम्मीद है, जिससे आगे की रणनीति तय की जा सके.
सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका की ओर से भेजा गया प्रस्ताव एक पृष्ठ का 14-बिंदुओं वाला दस्तावेज है. इसमें सुझाव दिया गया है कि ईरान अपनी परमाणु संवर्धन गतिविधियों पर रोक लगाए, जबकि बदले में अमेरिका आर्थिक प्रतिबंधों में राहत देने और ईरान की फ्रीज की गई अरबों डॉलर की संपत्तियों को रिलीज करने पर विचार कर सकता है. इस प्रस्ताव को संभावित शांति वार्ता की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है.
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने क्या कहा?
हालांकि, ईरान ने साफ कर दिया है कि वह किसी दबाव में झुकने वाला नहीं है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि उनका देश किसी भी दुश्मन के सामने सिर नहीं झुकाएगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि बातचीत का मतलब आत्मसमर्पण नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हितों और अधिकारों की रक्षा करना है.
उधर, क्षेत्र में तनाव अभी भी कम नहीं हुआ है. इजरायल और ईऱान के बीच जारी संघर्ष और उसमें अमेरिका की भूमिका ने हालात को और गंभीर बना दिया है. कुछ समय के लिए युद्धविराम की बातें जरूर हुईं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं.
इस बीच, खबर है कि ईरान की सैन्य नेतृत्व ने सर्वोच्च नेतृत्व के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की है, जिसमें सैन्य अभियानों को जारी रखने और विरोधियों का मजबूती से सामना करने पर जोर दिया गया है. इससे साफ है कि कूटनीतिक कोशिशों के बावजूद क्षेत्र में शांति की राह अभी आसान नहीं दिख रही.


