बम से उड़ाई पुलिस चौकी, पाकिस्तान में हुआ बड़ा आतंकी हमला, जानें कितनों की हुई मौत

पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र बन्नू में शनिवार को पुलिस चौकी को निशाना बनाते हुए पहले कार बम धमाका किया और फिर सुरक्षाकर्मियों पर घात लगाकर हमला कर दिया.

JBT Desk
Edited By: JBT Desk

नई दिल्ली: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र बन्नू में शनिवार को हुए एक बड़े आतंकी हमले ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बता दें, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के इस संवेदनशील इलाके में आतंकियों ने पुलिस चौकी को निशाना बनाते हुए पहले कार बम धमाका किया और फिर सुरक्षाकर्मियों पर घात लगाकर हमला कर दिया. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 15 पुलिसकर्मियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि अभी तक आकड़ों की पुष्टि नहीं हो पाई है. इस बीच चलिए जानते है क्या है पूरा मामला? 

कब और कहां हुआ हमला 

जानकारी के अनुसार, यह हमला अफगानिस्तान सीमा के करीब स्थित बन्नू जिले में हुआ. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावर विस्फोटकों से भरी गाड़ी लेकर पुलिस चौकी के मुख्य गेट तक पहुंचे और जोरदार धमाका कर दिया. धमाका इतना भीषण था कि पूरी चौकी क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

राहत और बचाव अभियान जारी 

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, उस समय चौकी पर करीब 15 पुलिसकर्मी तैनात थे. अब तक तीन पुलिसकर्मियों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि बाकी जवानों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है और अंतिम आंकड़े ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही सामने आ पाएंगे.

अचानक शुरू हुई गोलीबारी

हमले के बाद हालात और गंभीर तब हो गए जब आसपास से मदद के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों पर आतंकियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. दोनों ओर से हुई फायरिंग के कारण पूरा इलाका युद्ध जैसे माहौल में बदल गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले में एक आत्मघाती हमलावर भी शामिल था, जिसने बमों से भरी गाड़ी को चौकी के पास ही उड़ा दिया.

हमले का जिम्मेदार कौन 

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि आतंकियों ने ड्रोन का इस्तेमाल किया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है. धमाके की चपेट में आसपास के कुछ घर और इमारतें भी आ गईं, जबकि दो नागरिकों के घायल होने की खबर है. बता दे, घटना के बाद बन्नू के अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है. फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इसके पीछे पाकिस्तान तालिबान (TTP) या उससे जुड़े आतंकी समूहों का हाथ हो सकता है.
 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो