बेंगलुरु: बेंगलुरु में रोड रेज का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कार वाले ने गुस्से में अपनी कार से स्कूटर को टक्कर मार दी. क्योंकि स्कूटर वाले ने बार-बार हॉर्न बजाने से रूक नहीं रहा था. पूरी घटना पास के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया गया.
घटना 26 अक्टूबर को उत्तर बेंगलुरु के रामैया कॉलेज के पास हुई थी. शुरुआत में इसे एक हिट-एंड-रन दुर्घटना मानते हुए केस दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में सामने आए वीडियो और बयानबाजी में मिले विरोधाभासों ने पुलिस को दोबारा जांच शुरू करने पर मजबूर कर दिया.
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने आरोपी केशव को इसलिए हॉर्न दिया क्योंकि वह 'फ्री लेफ्ट' रास्ता ब्लॉक कर रहा था. यह बात केशव को इतनी नागवार गुजरी कि वह स्कूटर सवार का पीछा करते हुए अपनी कार से जानबूझकर उसके वाहन में ठोक देता है. डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (सेंट्रल) अक्षय ने बताया कि CCTV फुटेज ने साबित किया कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि जानबूझकर किया गया हमला था.
उन्होंने कहा कि एक बार फुटेज मिलने के बाद स्पष्ट हुआ कि टक्कर आकस्मिक नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई थी. केस को ट्रैफिक पुलिस से सादाशिवनगर लॉ एंड ऑर्डर पुलिस स्टेशन ट्रांसफर किया गया और वीडियो व शिकायत के आधार पर इसे हत्या के प्रयास का मामला माना गया.
ट्रैफिक पुलिस द्वारा दर्ज प्रारंभिक FIR में इसे दुर्घटना बताया गया था, लेकिन बयान मेल नहीं खाने पर पुलिस ने CCTV खंगाला. फुटेज में दिखा कि आरोपी ने कार को मोड़कर सीधे स्कूटर में टक्कर मारी. इसके बाद आरोपी की पहचान वाहन नंबर से की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पूछताछ में केशव ने दावा किया कि उसका इरादा नुकसान पहुंचाने का नहीं था. उसने कहा कि रामैया कॉलेज के पास फ्री लेफ्ट नहीं था, लेकिन वह मुझ पर हॉर्न बजा रहा था. मैं चिढ़ गया, उसे ओवरटेक करने दिया और बस डराने की कोशिश की लेकिन गलती से गाड़ी टकरा गई. हालांकि पुलिस का मानना है कि यह मामला 'हिंसक और लापरवाह ड्राइविंग' का है, जिसे दुर्घटना नहीं माना जा सकता.
पुलिस ने आरोपी की कार जब्त कर ली है. अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच में यह पता लगाया जाएगा कि घटना पूर्वनियोजित थी या गुस्से में की गई हरकत. घटना ने शहर में बढ़ते रोड रेज के मामलों और ड्राइवर के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. First Updated : Friday, 14 November 2025