दिल्ली के चांदनी चौक में दिनदहाड़े लूट, कारोबारी की फर्म से गोल्ड लेकर फरार हो गए हथियारबंद बदमाश
दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में दिनदहाड़े लाखों रुपये के सोने की लूट हो गई. घटना के दौरान बदमाशों ने विरोध करने पर एक कर्मचारी पर पिस्टल की बट से हमला भी किया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

नई दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े हुई एक लूट की घटना ने पूरे बाजार में सनसनी फैला दी. किनारी बाजार स्थित गली अनार वाली में एक कारोबारी की गोल्ड फर्म को निशाना बनाते हुए हथियारबंद बदमाश लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गए.
कर्मचारी पर पिस्टल की बट से हमला
घटना के दौरान बदमाशों ने विरोध करने पर एक कर्मचारी पर पिस्टल की बट से हमला भी किया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने पीड़ित कारोबारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल की जांच कराई गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. बाजार में यह चर्चा है कि लूट की रकम करोड़ों में हो सकती है, लेकिन कारोबारी की ओर से पुलिस को फिलहाल लगभग 200 ग्राम सोने की चेन लूटे जाने की जानकारी दी गई है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह फर्म बेहद संकरी गली में स्थित है, जहां पहुंचना आसान नहीं है. किनारी बाजार की भीड़भाड़ और तंग रास्तों के बीच स्थित इस दुकान तक पहुंचने के लिए अंदरूनी गलियों से गुजरना पड़ता है. ऐसे में पुलिस को शक है कि इस वारदात में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, जिसे दुकान और इलाके की पूरी जानकारी थी.
तीन हथियारबंद बदमाश दुकान में घुसे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार दोपहर अचानक तीन हथियारबंद बदमाश दुकान में घुस आए. उन्होंने तेजी से कार्रवाई करते हुए दुकान के कांच के दरवाजे को तोड़ दिया और अंदर मौजूद कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया. बदमाशों ने कर्मचारियों के सिर पर पिस्टल तान दी और विरोध करने पर एक कर्मचारी को घायल कर दिया. जान का खतरा देखते हुए कर्मचारियों ने गहने बदमाशों को सौंप दिए.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए. घटना के बाद घबराए कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस अब सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें अंदरूनी मिलीभगत की संभावना भी शामिल है. इस घटना ने चांदनी चौक जैसे व्यस्त और ऐतिहासिक बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.


