दिल्ली में स्कूल से घर लौट रहे 11वीं के छात्र की चाकू घोंपकर हत्या, झगड़े के बाद दो-तीन युवकों ने किया हमला
दिल्ली के कालकाजी इलाके में स्कूल से घर लौट रहे 11वीं कक्षा के छात्र पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए छात्र की मौत हो गई. वहीं पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की तलाश में जुटी है.

नई दिल्ली: दिल्ली के कालकाजी इलाके में सोमवार दोपहर एक मामूली विवाद ने बेहद खौफनाक रूप ले लिया. स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे 11वीं कक्षा के एक छात्र पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके. पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई जगह छापेमारी की जा रही है.
यह वारदात कालकाजी थाना क्षेत्र में डीडीए फ्लैट्स के बी ब्लॉक स्थित पार्क के पास हुई. बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र अपने घर की ओर जा रहा था. इसी दौरान छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते झगड़ा बढ़ गया और दो से तीन युवकों ने छात्र पर चाकू से हमला कर दिया. हमला करने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले.
घटना के बाद इलाके में मची अफरा-तफरी
चाकू से हमला किए जाने के बाद छात्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. उसके शरीर पर चाकू के कई निशान थे. आसपास मौजूद लोगों ने जब उसे खून से लथपथ हालत में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में पुलिस टीम और सीएटीएस एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे के बाद अचानक इलाके में शोर सुनाई दिया. लोगों ने देखा कि कुछ लड़के आपस में झगड़ रहे थे.
इसी दौरान दो-तीन युवक तेजी से वहां से भागते हुए नजर आए. जब लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो एक स्कूली छात्र गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा था. स्थानीय निवासी शशि ने बताया कि घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी. मौके पर पहुंचने पर उन्होंने छात्र को जमीन पर घायल अवस्था में देखा. वहीं, एक अन्य स्थानीय निवासी मनोज ने बताया कि उनके घर के नीचे ही कुछ युवकों ने छात्र पर हमला किया था, जिसके बाद उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई.
एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाने के बाद छात्र की मौत
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 बजकर 23 मिनट पर पीसीआर को घटना की सूचना मिली थी. कॉल में बताया गया था कि बी ब्लॉक डीडीए फ्लैट्स के पास पार्क में स्कूली छात्रों के बीच झगड़ा हो रहा है. सूचना मिलते ही कालकाजी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. उस समय छात्र गंभीर रूप से घायल था. सीएटीएस एंबुलेंस के कर्मचारियों ने मौके पर ही उसे सीपीआर दिया और तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान 19 वर्षीय सैयद हुसैन के रूप में हुई है. वह ओखला फेज-2 स्थित जेजे कैंप का रहने वाला था और कालकाजी के एक स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता था. शुरुआती जांच के मुताबिक, वह स्कूल की छुट्टी के बाद घर जा रहा था, तभी छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उस पर हमला कर दिया गया.
पुलिस ने आरोपियों की पहचान की
दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि झगड़े के बाद दो या तीन युवकों ने छात्र पर चाकू से हमला किया. पुलिस ने संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जांच टीम वारदात की असली वजह का पता लगाने में जुटी है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि छात्रों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था और आखिरकार यह झगड़ा इतनी बड़ी वारदात में कैसे बदल गया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच के तहत पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है. इसके अलावा, वारदात के समय वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान से घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सकेगी. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत कालकाजी थाने में केस दर्ज किया जा रहा है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें काम कर रही हैं. अधिकारियों के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने के साथ हत्या की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी सामने आ सकती है.


