लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक होटल कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 20 वर्षीय दिवाकर यादव के रूप में हुई है, जो होटल 'इशान इन' में पिछले चार महीनों से काम कर रहा था. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी की पहचान 22 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर आकाश तिवारी के रूप में हुई है, जिसका आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उसकी महिला साथी घटना के समय नशे में थे. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है.
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी आकाश तिवारी सोमवार रात होटल 'इशान इन' में रहने आई महिला पुष्पा गौतम (26) से मिलने आया था. होटल स्टाफ दिवाकर यादव के साथ किसी बात को लेकर उसकी बहस हो गई. आकाश ने आरोप लगाया कि दिवाकर ने उसकी महिला साथी पर अभद्र टिप्पणी की थी. इससे गुस्से में आकर उसने दिवाकर को नजदीक से गोली मार दी और मौके से फरार हो गया.
चिनहट थाना पुलिस को रात 1:30 बजे होटल मालिक देवेंद्र मिश्रा की ओर से कॉल मिली. उन्होंने बताया कि होटल के बाहर गोली चली है. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दिवाकर को गंभीर हालत में पाया गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
आकाश तिवारी कोई नया अपराधी नहीं है. 2023 में उस पर हत्या, दंगा और SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुका है. इसके अलावा, एक अन्य मारपीट के मामले में भी उसका नाम सामने आया था. पुलिस को शक है कि दिवाकर की हत्या केवल गुस्से का नतीजा नहीं, बल्कि एक योजनाबद्ध साजिश थी.
हत्याकांड के कुछ घंटे बाद STF ने आकाश तिवारी और उसकी साथी पुष्पा गौतम को तुलिप अपार्टमेंट के पास से गिरफ्तार कर लिया. दोनों को पुलिस स्टेशन लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया. हम उसे सबक सिखाना चाहते थे,”आकाश तिवारी (पुलिस के अनुसार)
दिवाकर मूल रूप से सुल्तानपुर का रहने वाला था और बीते चार महीनों से लखनऊ में होटल में काम कर रहा था. उसके पिता ने बताया, “हमें नहीं पता था कि वह होटल में काम कर रहा है. उसने कहा था कि वह ड्राइवर की नौकरी कर रहा है.”
होटल 'इशान इन' को देवेंद्र मिश्रा और उदयसेन यादव मिलकर संचालित करते हैं. होटल अभी एक साल भी पुराना नहीं हुआ है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आकाश तिवारी के पुराने रिकॉर्ड और इस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल अब तक बरामद नहीं हुई है. First Updated : Wednesday, 23 July 2025