मुजफ्फरनगर में युवती को नशीला पदार्थ सुंघाकर किया दुष्कर्म, 5 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में एक युवती ने कुछ युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद सहित पांच आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

calender

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में एक युवती ने मुस्लिम समुदाय के युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है. पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके साथ दुष्कर्म की. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद सहित पांच आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और तीन टीमों का गठन किया गया है.

थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपने पिता के साथ एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी का काम करती है. युवती के अनुसार, 13 जून को भट्ठे पर काम करने वाले एक युवक उमर ने उसे फोन कर यह जानकारी दी कि उसकी मां पास के खेत में घास काट रही हैं और उसे वहां बुलाया. पीड़िता का कहना है कि वह बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां पहले से 5 लोग मौजूद थे. 

बेहोश करने का आरोप

शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि उमर ने रुमाल निकालकर उसे कुछ सूंघाई, जिसके बाद वह अचेत हो गई. पीड़िता का दावा है कि बेहोशी की हालत में उसे वहां से दूसरे स्थान पर ले जाया गया. युवती के अनुसार, उसे कच्छौली रेलवे पुल के निकट स्थित गन्ने के खेत में ले जाकर आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. युवती के अनुसार उमर और उसके दो साथियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि बाकी दो साथी बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे. 

खेत में छोड़कर फरार हुए आरोपी

पीड़िता का कहना है कि जब उसे होश आया तो उसने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया और वहां छोड़कर चले गए. इसके बाद युवती किसी तरह अपने परिजनों तक पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य युवती को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की. पीड़िता ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती की शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि शिकायत में नामजद आरोपी समेत अन्य संदिग्धों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. साथ ही पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण और अन्य आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है.

आरोपियों की तलाश में जुटीं तीन टीमें

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति बनाई है. पुलिस ने एसओजी, सर्विलांस टीम और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीमों को जांच में लगाया है. पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ली जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. First Updated : Monday, 15 June 2026