मनीषा केस में नया मोड़: फटी सलवार, पुलिस का सुसाइड दावा, परिजन बोले- हत्या, CBI करेगी जांच
भिवानी में शिक्षिका मनीषा का शव 13 अगस्त को एक खेत में मिला. बताया जाता है कि 11 अगस्त को स्कूल से निकलने के बाद वह एक नर्सिंग कॉलेज में दाखिले की जानकारी लेने गई थीं. लेकिन, उस दिन के बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला. आखिर क्या हुआ मनीषा के साथ? यह रहस्य अभी भी अनसुलझा है.

Bhiwani Teacher Death: हरियाणा के भिवानी में 19 साल की शिक्षिका मनीषा की मौत के मामले को CBI को सौंपने की तैयारी चल रही है. इस बीच, एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शिक्षिका के कपड़े फटे होने की बात कही गई है, हालांकि इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है. पुलिस आत्महत्या का दावा कर रही है, जबकि परिजन इस निष्कर्ष से सहमत नहीं हैं. गुरुवार को तीसरी बार पोस्टमॉर्टम होने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा.
मीडिया रिपोर्ट में किया गया दावा
रिपोर्ट के अनुसार पहली पीएम रिपोर्ट में कहा गया है कि शिक्षिका की सलवार फटी हुई पाई गई थी और बचाव के करने के निशान भी मिले थे. 13 अगस्त को शाम 6 बजकर 25 मिनट पर पहली बार पोस्टमॉर्टम किया गया था. उस दिन भिवानी सिविल हॉस्पिटल में शव पहुंचाए जाने के दौरान पुलिस रिपोर्ट में लिखा गया था. गलत काम करके, गला रेतकर हत्या.
पीएम रिपोर्ट में क्या दर्ज हुआ?
पेपर के मुताबिक, पीएम रिपोर्ट के एक कॉलम में दर्ज है. एक महिला का आंशिक रूप से सड़ा हुआ शव सफेद कपड़े में लिपटे हुए अवस्था में बरामद हुआ. शव पर पीले रंग के हाफ स्लीफ राउंड नेक सूट था. जिसमें लाल और नीले रंग की एंब्रॉइडरी थी. पीले रंग की सलवार आगे से फटी हुई थी और नाड़ा खुला हुआ था. सलवार के साथ जोर जबरदस्ती जैसा प्रतीत हो रहा था.
पुलिस द्वारा किया गया दावा
भिवानी में 13 अगस्त को एक खेत में शिक्षिका मनीषा का शव बरामद हुआ. वह 11 अगस्त को स्कूल से निकलने के बाद एक नर्सिंग कॉलेज में एडमिशन की जानकारी लेने गई थीं, जिसके बाद से वह लापता थीं. मीडिया से बातचीत में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिला अधिकारियों ने तीसरी बार पोस्टमॉर्टम के लिए शव को एम्स, नई दिल्ली भेजा है. इससे पहले भिवानी सिविल अस्पताल और रोहतक के पीजीआईएमएस में पोस्टमॉर्टम हो चुका है. भिवानी के पैतृक गांव ढाणी लक्ष्मण में धरने पर बैठे ग्रामीणों ने एक समिति बनाकर सरकार से CBI जांच और एम्स दिल्ली में पोस्टमॉर्टम की मांग की थी. एजेंसी के अनुसार, पुलिस ने सोमवार को दावा किया कि जांच से पता चला है कि शिक्षिका ने जहर खाकर आत्महत्या की है.
परिवार का विरोध
मनीषा के पिता संजय ने इस निष्कर्ष को खारिज करते हुए न्याय की मांग की और शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि प्रशासन कह रहा है कि मेरी बेटी ने आत्महत्या की है, लेकिन मैं कह सकता हूं कि वह कभी आत्महत्या नहीं कर सकती. मुझे न्याय चाहिए.


