Noida: थाना सेक्टर-58 में वांछित 25000 रुपये का इनामी अभियुक्त संजय पुत्र रामसेवक को सेक्टर-62 गोल चक्कर से गिरफ्तार किया गया है. अभियुक्त वर्ष 2009 से हत्या के अभियोग में वांछित चल रहा था. पिछले 16 साल से पुलिस इसको पकड़ने की फिराक में थी, लेकिन आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद नेपाल भाग गया था.
दिनांक 10/07/2009 को वादी (बच्चे के पिता) द्वारा अपने पुत्र उम्र करीब 2 वर्ष की हत्या होने की घटना के संबंध में अभियोग पंजीकृत कराया गया था जिसमें वादी द्वारा आरोप लगाया गया था कि उसके पुत्र अमित विश्वास उम्र 02 वर्ष को बिजली का करंट लगाने के बाद जमीन पर पटक कर उसकी हत्या कर दी गयी है. उपरोक्त अभियोग में अभियुक्त संजय लगातार फरार चल रहा था तथा यह नेपाल भाग गया था काफी समय से पुलिस इसे तलाश कर रही थी.
अभियुक्त द्वारा पूछताछ के दौरान बताया गया कि वह मामूरा में टीवी मैकेनिक का कार्य करता था उसका वादी के घर आना-जाना था, जिसका वादी विरोध करता था. एक दिन जब वादी किसी काम से घर के बाहर गया था, उसकी गैर मौजूदगी में अभियुक्त वादी के घर पर गया और उसने वादी के पुत्र उम्र 02 वर्ष की जमीन पर पटक कर हत्या कर दी. हत्या करने से पहले उसने लड़के को करंट भी लगाया तथा हत्या करने के बाद वहां से फरार हो गया और भाग कर नेपाल चला गया. वह काफी दिनों तक छुपकर नेपाल में रह रहा था.
आरोपी संजय पुत्र रामसेवक निवासी बोकारो खुर्द थाना पताही, जिला पूर्वी चंपारण बिहार का है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की न्यायिक प्रक्रिया में जुट गई है. First Updated : Monday, 03 February 2025