समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में एक खौफनाक घटना ने इलाके को हिला दिया है. बुधवार शाम को बाइक सवार बदमाशों ने दो लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक युवक और एक महिला घायल हो गए.
भागते हुए बदमाशों में से एक को गुस्साई भीड़ ने पकड़ लिया और इतनी बेरहमी से पीटा कि पुलिस के हवाले करने के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया है और पुलिस ने भारी बल तैनात कर दिया है.
दलसिंहसराय के अनुमंडल अस्पताल रोड पर इंडियन बैंक के पास शाम करीब 7 बजे यह वारदात हुई. बेलबन्ना निवासी पप्पू पासवान बाइक से जा रहे थे, तभी दूसरी बाइक पर सवार बदमाशों से उनकी बहस हो गई.
विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. पप्पू पासवान को सीने में एक और पीठ में तीन गोलियां लगी. उनकी हालत नाजुक है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.
इसके अलावा, पास से गुजर रही रमेश साह की पत्नी रेखा देवी की बांह में गोली लग गई. उनका इलाज स्थानीय निजी अस्पताल में चल रहा है. फायरिंग के बाद बदमाश भागने लगे, लेकिन भीड़ ने लोकनाथपुर गंज निवासी सन्नी कुमार (24) को दबोच लिया. उसके 2-3 साथी बाइक छोड़कर फरार हो गए.
आक्रोशित लोगों ने सन्नी की जमकर पिटाई की. पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची और उसे भीड़ से छुड़ाकर अनुमंडल अस्पताल ले गई. वहां से सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा लग रहा है. एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बात की. उन्होंने कहा कि पूर्व के किसी मुकदमे में दबाव बनाने के लिए गोली चलाई गई हो सकती है. बदमाशों की पहचान हो चुकी है और फरार लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है.
घटनास्थल से चार खोखे बरामद हुए हैं. पटना से फोरेंसिक टीम बुलाई गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और संभावना जता रही है कि दो के अलावा अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं. गंज मोहल्ला और आसपास के इलाकों में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है. First Updated : Thursday, 12 February 2026