बेटियों के साथ दरिंदगी... ड्राइवर-कंडक्टर की हरकतों से डरीं छात्राएं, जान बचाने के लिए चलती बस से कूदीं, 4 गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के दमोह में चलती बस में दो नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ की गई, जिससे डरकर उन्होंने बस से छलांग लगा दी और गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर, कंडक्टर समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.

Simran Sachdeva

मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां चलती बस में दो नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की गई. आरोप है कि बस के ड्राइवर, कंडक्टर और दो अन्य लोगों ने लड़कियों पर अश्लील टिप्पणियां की और उनके मना करने पर भी बस रोकने से इनकार कर दिया. भयभीत छात्राओं ने अपनी सुरक्षा के लिए चलती बस से छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गई. 

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

इस घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बस का ड्राइवर मोहम्मद आशिक, कंडक्टर बंशीलाल और दो अन्य आरोपी हुकुम सिंह एवं माधव असाटी शामिल हैं. उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (Bharatiya Nyaya Sanhita) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है. 

चलती बस में छेड़छाड़ का शिकार हुई छात्राएं

दमोह की डिप्टी एसपी भावना डांगी ने बताया कि यह घटना सोमवार सुबह हुई, जब दोनों छात्राएं परीक्षा देने के लिए आदरोठा से तोरी जा रही थी. बस में कुल 4 अन्य लोग थे, जिनमें ड्राइवर और कंडक्टर भी शामिल थे. इसी दौरान आरोपियों ने लड़कियों पर अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दी. उन्होंने आगे बताया कि लड़कियों ने जब बस रोकने की गुहार लगाई, तो आरोपियों ने ना केवल उनकी बात अनसुनी कर दी, बल्कि वाहन का पिछला दरवाजा भी बंद कर दिया. इससे छात्राएं बेहद डर गई और खुद को सुरक्षित महसूस ना करते हुए चलती बस से कूदने का फैसला किया. 

अस्पताल में भर्ती छात्राएं

छात्राओं के बस से कूदने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने बताया कि दोनों लड़कियां इस हादसे के बाद बेहद डरी हुई थी और उनका मानसिक आघात भी देखा जा सकता है. पुलिस ने कहा कि इस घटना के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए बस चालक, कंडक्टर और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. हम मामले की जांच कर रहे हैं और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेंगे. 

चारों आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज

अतिरिक्त एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि इस जघन्य अपराध में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (Bharatiya Nyaya Sanhita) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस इस मामले में कड़ी कार्रवाई कर रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा ना हो सकें. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag