NEET 2026 लीक मामला: CBI ने BAMS छात्र को किया गिरफ्तार, 10 लाख में खरीदा था पेपर

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने मंगलवार को 30 साल के BAMS छात्र शुभम खैरनार को हिरासत में लिया। अधिकारियों के मुताबिक शुभम ने पुणे के एक संदिग्ध से "गेस पेपर" 10 लाख रुपये में खरीदा था।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने मंगलवार (12 मई 2026) को 30 साल के BAMS छात्र शुभम खैरनार को हिरासत में लिया। अधिकारियों के मुताबिक शुभम ने पुणे के एक संदिग्ध से "गेस पेपर" 10 लाख रुपये में खरीदा था।

बाद में उसने वही पेपर हरियाणा के एक खरीदार को 15 लाख में बेच दिया। केंद्र सरकार ने पेपर लीक की जांच CBI को सौंपी है। CBI की चार टीमें शुभम को हिरासत में लेने के लिए नासिक पहुंची थीं। उसे पहले नासिक क्राइम ब्रांच ने पकड़ा और फिर केंद्रीय एजेंसी को सौंप दिया।

नासिक प्रिंटिंग प्रेस थ्योरी पर उठे सवाल 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस गिरफ्तारी के बाद पुरानी थ्योरी पर सवाल खड़े हो गए हैं। पहले माना जा रहा था कि पेपर सीधे नासिक की प्रिंटिंग प्रेस से लीक हुआ। लेकिन पुलिस सूत्र अब कह रहे हैं कि NEET का पेपर वहां छपा ही नहीं था। शुभम के पिता डॉ. मधुकर खैरनार पेशे से डॉक्टर हैं। उन्होंने बेटे पर लगे आरोपों को गलत बताया और कहा कि शुभम निर्दोष है।

NEET-UG 2026 विवाद: क्या है पूरा मामला? 

आपको बताते चलें कि NTA ने 3 मई को NEET-UG 2026 का आयोजन किया था। इसमें करीब 22 लाख छात्र शामिल हुए थे। 12 मई को NTA ने पेपर लीक और राजस्थान में पुलिस कार्रवाई के बाद परीक्षा रद्द कर दी। NTA ने 10 मई को X पर लिखा था, "3 मई को परीक्षा पूरे सुरक्षा प्रोटोकॉल के साथ हुई थी।"

NTA को 7 मई को मिली थी गड़बड़ी की जानकारी 

NTA के मुताबिक 7 मई की शाम को कथित गड़बड़ी की जानकारी मिली। 8 मई की सुबह इसे स्वतंत्र जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेज दिया गया। NTA ने कहा कि मीडिया में आई गिरफ्तारियां जांच एजेंसियों के समय पर किए गए काम का नतीजा हैं। 12 मई को परीक्षा रद्द करने का फैसला राजस्थान में SOG की जांच शुरू होने के बाद लिया गया। SOG को सूचना मिली थी कि 3 मई की परीक्षा से कुछ दिन पहले ही पेपर लीक हो गया था।

'गेस पेपर' में मिले असली एग्जाम के सवाल 

गौरतलब है कि राजस्थान SOG की जांच में सामने आया कि हाथ से लिखे सवालों का एक सेट असली पेपर से काफी हद तक मैच कर रहा था। इसे "गेस पेपर" बताया गया जो आखिरी समय की तैयारी के लिए बनाया जाता है। NEET में पूछे गए बायोलॉजी के सभी 90 सवाल और केमिस्ट्री के सभी 45 सवाल उस 281 सवालों वाले गेस पेपर में मौजूद थे। NEET में कुल 180 सवाल होते हैं और हर सवाल 4 नंबर का होता है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो