आंसर शीट देखने की जल्दबाजी में न करें ये गलती, CBSE छात्रों को बोर्ड ने किया अलर्ट
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस संबंध में ताजा जानकारी साझा की है. बोर्ड ने बताया कि 20 मई को शाम 4:30 बजे जैसे ही पोर्टल खुला, छात्रों में अपनी कॉपियां देखने की होड़ मच गई.

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों के बाद आंसर शीट देखने का आधिकारिक पोर्टल शुरू करते ही छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी हासिल करने के लिए देश भर से लाखों विद्यार्थियों ने एक साथ लॉगिन किया जिसके कारण सर्वर पर अनुरोधों की बाढ़ आ गई.
कितने आंसर शीट की मांग हुई दर्ज
सीबीएसई द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक ऑनलाइन विंडो एक्टिव होने के शुरुआती 3 घंटों के भीतर ही पौने चार लाख से ज्यादा आंसर शीट की मांग दर्ज की गई है.
बार-बार आवेदन न करें छात्र
छात्रों की इस भारी तादाद को देखते हुए सीबीएसई ने एक जरूरी एडवाइजरी भी जारी की है. बोर्ड ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा है कि वे जल्दबाजी में कोई कदम न उठाएं। केवल वास्तविक आवश्यकता होने पर ही अपनी आंसर शीट के लिए अनुरोध दर्ज करें.
आवेदन को रद्द कर दिया जाएगा
इसके साथ ही बोर्ड ने आगाह किया है कि फॉर्म में किसी भी तरह की गलत या अधूरी जानकारी भरने पर आवेदन तुरंत रद्द कर दिया जाएगा. छात्रों को यह भी सलाह दी गई है कि वे सर्वर धीमा होने की स्थिति में बार-बार नया आवेदन सबमिट करने का प्रयास न करें. एक बार प्रक्रिया पूरी करने के बाद थोड़ा इंतजार करें और केवल अपने आवेदन का स्टेटस चेक करें.
पोर्टल खुलते ही टूटे रिकॉर्ड
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस संबंध में ताजा जानकारी साझा की है. बोर्ड ने बताया कि 20 मई को शाम 4:30 बजे जैसे ही पोर्टल खुला, छात्रों में अपनी कॉपियां देखने की होड़ मच गई. शाम 7:30 बजे तक यानी महज तीन घंटों के अंतराल में 1,27,146 छात्रों ने सफलतापूर्वक अपने आवेदन जमा कर दिए.
कुल 3,87,399 शीट की गई स्कैन
इन आवेदनों के जरिए कुल 3,87,399 उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई स्कैन कॉपियां मांगी गई हैं. हालांकि, भारी ट्रैफिक के बाद अब सीबीएसई का यह ऑनलाइन पोर्टल पूरी तरह सुचारू और व्यवस्थित रूप से काम कर रहा है.
The online application portal for obtaining scanned copies of Class XII answer books is now functioning smoothly, and applications are being submitted successfully.
— CBSE HQ (@cbseindia29) May 20, 2026
1,27,146 applications for obtaining 3,87,399 scanned answer books were submitted successfully by 7:30 pm on… pic.twitter.com/iitB3Sv0VP
आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें और तरीका
कक्षा 12वीं के जो भी छात्र अपनी उत्तर पुस्तिकाओं का पुनरीक्षण करना चाहते हैं, वे सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट https://pvr.cbseit.in/pvr/ पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि: छात्र 23 मई तक उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी के लिए अनुरोध भेज सकते हैं. अंकों के पुनर्मूल्यांकन की अगली प्रक्रिया 26 मई से शुरू होगी, जो 29 मई तक चलेगी.


