CBSE बोर्ड परीक्षा आज से शुरू, एग्जाम हॉल में जानें से पहले पढ़ लें ये गाइडलाइंस

सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं. परीक्षा सुबह 10:30 बजे से होगी और 10 बजे गेट बंद हो जाएंगे. बोर्ड ने एडमिट कार्ड अनिवार्य किया है और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर सख्त रोक लगाई है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: लाखों छात्रों के लिए आज का दिन बेहद अहम है, क्योंकि सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं. लंबे समय से की जा रही तैयारी अब असली परीक्षा में बदलने जा रही है. ऐसे में जरूरी है कि छात्र न सिर्फ पढ़ाई में बल्कि नियमों और समय के पालन में भी पूरी सतर्कता बरतें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके.

सीबीएसई कक्षा 10 की परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च तक आयोजित की जाएंगी. वहीं कक्षा 12 की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 10 अप्रैल 2026 तक चलेंगी. दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं एक ही शिफ्ट में होंगी. पेपर सुबह 10:30 बजे शुरू होगा और दोपहर 1:30 बजे समाप्त होगा. छात्रों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. यानी 10:15 बजे प्रश्न पत्र बांट दिया जाएगा ताकि विद्यार्थी आराम से सवालों को समझ सकें और अपनी रणनीति तय कर सकें.

समय पर पहुंचना जरूरी

बोर्ड ने साफ निर्देश दिए हैं कि सभी छात्र परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें. सुबह 10 बजे के बाद परीक्षा केंद्र के गेट बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं मिलेगा. इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे घर से समय रहते निकलें, ताकि ट्रैफिक या अन्य कारणों से देरी न हो.

एडमिट कार्ड साथ रखना अनिवार्य

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड सबसे जरूरी दस्तावेज है. बिना एडमिट कार्ड के किसी भी छात्र को परीक्षा हॉल में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसलिए परीक्षा से पहले इसे अपने बैग में जरूर रख लें और केंद्र पर पहुंचकर इसे दिखाएं.

परीक्षा हॉल में क्या ले जा सकते हैं?

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्र अपने साथ केवल जरूरी और अनुमत वस्तुएं ही लेकर जाएं. इनमें शामिल हैं:

सीबीएसई का एडमिट कार्ड

नीला बॉलपॉइंट पेन

पारदर्शी ज्योमेट्री बॉक्स

पेंसिल, रबर और शार्पनर

पारदर्शी पानी की बोतल

साधारण घड़ी

इनके अलावा कोई अन्य वस्तु ले जाना नियमों के खिलाफ होगा.

किन चीजों पर है सख्त पाबंदी?

परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाने की अनुमति नहीं है. इसके अलावा लिखी हुई पर्चियां, नोट्स या ब्लूटूथ जैसे उपकरण भी पूरी तरह प्रतिबंधित हैं. यदि किसी छात्र के पास ऐसी वस्तु पाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है.

अफवाहों से रहें दूर

सीबीएसई ने पेपर लीक और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर भी चेतावनी जारी की है. बोर्ड ने छात्रों, अभिभावकों और स्कूलों से अपील की है कि वे किसी भी अप्रमाणित खबर पर भरोसा न करें. केवल आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag