हिजाब-कड़ा पहनकर NEET परीक्षा में जानें से पहले पढ़ ले ये नियम, वरना नहीं मिलेगी एंट्री

NEET UG 2026 के लिए तैयारी कर रहे छात्रों को ड्रेस कोड के सख्त नियमों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. छोटी सी लापरवाही भी परीक्षा के दिन परेशानी बढ़ा सकती है और आपकी पूरी तैयारी पर असर डाल सकती है.

Shraddha Mishra

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 अब बेहद करीब है और लाखों छात्र इसकी तैयारी में पूरी मेहनत लगा रहे हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी मेहनत के साथ-साथ आपकी ड्रेस भी आपके एग्जाम के दिन अहम भूमिका निभा सकती है? जी हां, कई बार छात्र पढ़ाई में तो पूरी तरह तैयार होते हैं, लेकिन ड्रेस कोड की छोटी-सी गलती उन्हें परीक्षा केंद्र पर परेशानी में डाल देती है. ऐसे में जरूरी है कि आप पहले से ही इन नियमों को समझ लें ताकि परीक्षा के दिन कोई तनाव न हो और आप अपना पूरा फोकस पेपर पर रख सकें.

फुल स्लीव्स कपड़ों से बचें

NTA के नियमों के अनुसार, जितने साधारण और कम डिजाइन वाले कपड़े होंगे, उतना ही आसान एंट्री मिलती है.

क्या पहनें: हल्के रंग के और सादे कपड़े पहनना सबसे बेहतर विकल्प है. हाफ स्लीव (आधी बाजू) की शर्ट या टी-शर्ट पहनें, जिससे जांच के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो.

क्या न पहनें: फुल स्लीव (पूरी बाजू) के कपड़े पहनने से बचें. इसके अलावा ऐसे कपड़े जिनमें ज्यादा पॉकेट, बड़े बटन, जिप या भारी कढ़ाई हो, उन्हें भी न पहनें. इस तरह के कपड़ों में जांच लंबी हो सकती है और आपको रोका भी जा सकता है.

जूते नहीं, चप्पल है सही विकल्प

कई छात्र आराम या स्टाइल के लिए स्पोर्ट्स शूज पहन लेते हैं, लेकिन परीक्षा केंद्र पर यह परेशानी का कारण बन सकता है. मोटे सोल वाले जूते, बूट या ऊंची हील्स पूरी तरह से मना हैं. ऐसे में सबसे सुरक्षित विकल्प है कि आप साधारण चप्पल या पतले सोल वाली सैंडल पहनकर जाएं. इससे आपका समय भी बचेगा और चेकिंग में भी आसानी होगी.

गहने ना पहनें

परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी तरह की धातु ले जाना सख्त मना है. लड़कियां ध्यान रखें कि झुमके, हार, अंगूठी, कंगन या नोज पिन पहनकर न जाएं. वहीं लड़कों को भी चेन या कड़ा पहनने से बचना चाहिए. यहां तक कि बालों में बड़े क्लचर या भारी हेयर एक्सेसरी भी हटवा दिए जाते हैं. इसलिए जितना हो सके, सादा और बिना किसी एक्सेसरी के ही सेंटर पर पहुंचें.

एडमिट कार्ड के साथ जरूरी चीजें

परीक्षा के दिन कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट साथ रखना अनिवार्य है-

  • एडमिट कार्ड: इसका रंगीन प्रिंटआउट होना चाहिए और उस पर आपकी पासपोर्ट साइज फोटो लगी होनी चाहिए.
  • अतिरिक्त फोटो: एक एक्स्ट्रा पासपोर्ट साइज फोटो जरूर साथ रखें, जिसकी जरूरत अटेंडेंस शीट में पड़ती है.
  • आईडी प्रूफ: आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी का ओरिजिनल वर्जन ही मान्य होगा. फोटोकॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी.

ध्यान रखें कि आपको पेन ले जाने की जरूरत नहीं है. परीक्षा हॉल में NTA की ओर से नया ब्लैक या ब्लू बॉल पेन दिया जाएगा. अगर आप पानी ले जाना चाहते हैं, तो केवल पारदर्शी (ट्रांसपेरेंट) बोतल ही साथ ले जाएं.

धार्मिक परिधान के लिए विशेष निर्देश

जो छात्र अपनी धार्मिक परंपरा के अनुसार कुछ विशेष पहनते हैं, उनके लिए भी स्पष्ट नियम बनाए गए हैं. अगर आप कड़ा, कृपाण, हिजाब या कोई अन्य धार्मिक वस्तु पहनते हैं, तो आपको परीक्षा केंद्र पर कम से कम 2 घंटे पहले पहुंचना होगा. इससे आपकी जांच आराम से और बिना किसी जल्दबाजी के हो सकेगी. सुरक्षा जांच के दौरान यदि किसी वस्तु में संदेह होता है, तो सुरक्षाकर्मी उसे बाहर रखने के लिए कह सकते हैं. ऐसे में सहयोग करना जरूरी है ताकि परीक्षा की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके.

अतिरिक्त सामान न ले जाएं

परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, बैग या अन्य निजी सामान रखने की कोई व्यवस्था नहीं होती है. इसलिए जरूरी है कि आप केवल जरूरी चीजें ही लेकर जाएं. अनावश्यक सामान साथ ले जाने से आपको परेशानी हो सकती है और आपका ध्यान भी भटक सकता है. बेहतर होगा कि आप हल्के और तैयार होकर ही घर से निकलें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो