नोएडा में श्रमिक असंतोष पर प्रशासन सतर्क, 57 सेक्टर मजिस्ट्रेट को सौंपी निगरानी की जिम्मेदारी

नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के असंतोष को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. वेतन वृद्धि को लेकर बने तनाव के बीच 57 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं और पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नोएडा: नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर श्रमिकों में जारी असंतोष को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. खासतौर पर मई के पहले सप्ताह में वेतन वितरण की तारीख को लेकर स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है.

संभावित अव्यवस्था को रोकने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके.

57 सेक्टर मजिस्ट्रेट को सौंपी गई जिम्मेदारी

अराजक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जिला प्रशासन ने 57 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं. इन सभी अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है, जिससे हर इलाके में स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा सके.

पुलिस कमिश्नर ने भी एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को रिजर्व रखा है. शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और अन्य खुफिया माध्यमों के जरिए लगातार सूचनाएं जुटाई जा रही हैं.

श्रमिकों की वापसी, लेकिन असंतोष बरकरार

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया, "शासन ने स्पष्ट तौर पर औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों के वेतन वृद्धि समेत अन्य मुद्दों को मान लिया है. इस संबंध में शासन से लिखित निर्देश भी दिए जा चुके हैं."

उन्होंने आगे कहा, "प्रशासन के बेहतरीन प्रयास से औद्योगिक इकाइयों में श्रमिक दोबारा काम पर लौट रहे हैं." हालांकि, इसके बावजूद श्रमिकों के बीच वेतन वृद्धि को लेकर अभी भी असमंजस और असंतोष की स्थिति बनी हुई है.

स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लगाए जा रहे जांच शिविर

श्रमिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 24 अप्रैल से 25 विभिन्न स्थानों पर जांच शिविर लगाए जा रहे हैं. इन शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

वहीं, प्रशासन श्रमिक संगठनों और उद्यमियों के साथ लगातार बैठकें कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है.

मई दिवस को लेकर पुलिस की विशेष तैयारी

एक मई को ध्यान में रखते हुए नोएडा पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाए हैं. पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने तीनों जोन के अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की.

इस दौरान मई दिवस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया. साथ ही हर औद्योगिक इकाई के आसपास पुलिस बल की तैनाती और मोबाइल टीमों की गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

ड्यूटी चार्ट और निगरानी व्यवस्था तैयार

पुलिस विभाग द्वारा तीनों जोन में ड्यूटी चार्ट तैयार किए जा रहे हैं. औद्योगिक इकाइयों में वेतन वितरण की प्रक्रिया पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार का विवाद न उत्पन्न हो.

अधिकारियों के अनुसार, सभी संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और हालात को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो