NEET पेपर लीक केस: CBI ने डॉक्टर सहित 2 अन्य को किया गिरफ्तार, अब तक कुल 13 अरेस्ट
सीबीआई ने बताया कि अन्य आरोपियों ने गिरफ्तार छात्र का मोबाइल नंबर अपने फोन में 'गॉड' नाम से सेव किया हुआ था। गिरफ्तारी के बाद छात्र को सीबीआई कोर्ट के जज आर आर मेंडे के सामने पेश किया गया।

नई दिल्ली: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने नीट यूजी पेपर लीक मामले में मंगलवार शाम एक छात्र को गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसे पुणे की स्कूल हेडमिस्ट्रेस मनीषा हवालदार से फिजिक्स के सवाल पहले ही मिल गए थे। इस मामले में अब तक कुल 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
छात्र का नंबर फोन में 'गॉड' नाम से सेव था
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सीबीआई ने बताया कि अन्य आरोपियों ने गिरफ्तार छात्र का मोबाइल नंबर अपने फोन में 'गॉड' नाम से सेव किया हुआ था। गिरफ्तारी के बाद छात्र को सीबीआई कोर्ट के जज आर आर मेंडे के सामने पेश किया गया। कोर्ट ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया ताकि सीबीआई उसे पूछताछ के लिए दिल्ली ले जा सके।
मौखिक रूप से बताए गए थे सवाल, फिर भेजी फोटो
जांच एजेंसी का कहना है कि मनीषा हवालदार ने छात्र को नीट के फिजिक्स के सवाल मौखिक रूप से बताए थे। इसके बाद छात्र ने उन्हें कागज पर लिखा, उसकी फोटो खींची और तस्वीरें हवालदार के पति को भेज दीं। बाद में हस्तलिखित कागज नष्ट कर दिया गया। सीबीआई का आरोप है कि इसके बदले हवालदार ने छात्र से पैसे भी लिए थे।
जांच में बरामद हुए अहम सबूत
सीबीआई ने अब तक 23 पन्नों में लिखे फिजिक्स के सवाल, नीट का मूल प्रश्नपत्र, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के आधिकारिक प्रमाणपत्र और नकदी बरामद की है। पूछताछ में मनीषा हवालदार ने माना कि अप्रैल में उन्होंने याददाश्त के आधार पर फिजिक्स के सवाल दोबारा तैयार किए और एक छात्र को दिए।
उन्होंने बताया कि यह काम एनटीए के एक केमिस्ट्री विशेषज्ञ के कहने पर किया था। बाद में सह आरोपी मनीषा मंधारे के कहने पर वही सवाल मैसेजिंग ऐप से उनके और उनके पति के मोबाइल से आगे भेजे गए। सीबीआई ने कोर्ट को बताया कि हवालदार के बताए सवाल असली नीट पेपर से काफी मिलते थे।
पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां
इससे पहले सीबीआई ने पी वी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया था जो नीट यूजी प्रश्नपत्र तैयार करने वाली एनटीए टीम से जुड़े थे। ब्यूटी पार्लर चलाने वाली मनीषा वाघमारे और कंसल्टेंसी फर्म चलाने वाले धनंजय को भी पकड़ा जा चुका है।
एजेंसी ने मनोज शिरुरे को भी गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने तीन छात्रों तक केमिस्ट्री के सवाल पहुंचाए थे। इनमें लातूर के रेणुकाई करियर सेंटर चलाने वाले शिवराज मोटेगांवकर के बेटे का नाम भी शामिल है। शिवराज को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुणे के फिजिक्स टीचर भी शिकंजे में
सीबीआई ने पुणे स्थित डॉ अभंग प्रभु मेडिकल अकादमी के फिजिक्स शिक्षक तेजस हर्षदकुमार शाह को भी गिरफ्तार किया है। एजेंसी का कहना है कि तेजस को नीट यूजी 2026 के लीक फिजिक्स सवाल आरोपी मनीषा हवालदार से मिले थे। इन दो नई गिरफ्तारियों के साथ कुल आरोपी 13 हो गए हैं।
49 जगह छापेमारी, 21 जून को होगी दोबारा परीक्षा
गौरतलब है कि सीबीआई अब तक 49 जगहों पर छापेमारी कर चुकी है। जांच में कई अहम दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त हुए हैं। गौरतलब है कि 3 मई को हुई नीट यूजी परीक्षा पर पेपर लीक के आरोप लगे थे।
इसके बाद एनटीए ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। अब मेडिकल प्रवेश के लिए नीट यूजी की दोबारा परीक्षा 21 जून को होगी। सीबीआई पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी रखे हुए है।


