UPSC सिविल सर्विस एग्जाम का एडमिट कार्ड हुआ जारी, ऐसे करें डायरेक्ट डाउनलोड

UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2026 को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. संघ लोक सेवा आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. इस बार UPSC प्रीलिम्स परीक्षा 24 मई 2026 को होगी.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2026 को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. संघ लोक सेवा आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. लंबे समय से हॉल टिकट का इंतजार कर रहे उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट के जरिए अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. इस बार UPSC प्रीलिम्स परीक्षा 24 मई 2026 को देशभर के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी.

उम्मीदवारों को सलाह

आयोग की ओर से उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें दर्ज सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांच लें. अभ्यर्थियों को अपना नाम, फोटो, रोल नंबर, परीक्षा केंद्र और रिपोर्टिंग टाइम जैसी डिटेल्स विशेष रूप से चेक करनी चाहिए. अगर एडमिट कार्ड में किसी तरह की गलती नजर आती है तो तुरंत UPSC से संपर्क करना जरूरी होगा.

अपना एडमिट कार्ड कैसे डाउनलोड करें

UPSC ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड केवल ऑनलाइन मोड में जारी किए गए हैं. किसी भी उम्मीदवार को हॉल टिकट डाक या अन्य ऑफलाइन माध्यम से नहीं भेजा जाएगा. एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां लॉगिन सेक्शन में जाकर रजिस्ट्रेशन आईडी या रोल नंबर की मदद से साइन इन करना होगा. जरूरी जानकारी भरने के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे इसका प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें.

दो शिफ्ट में परीक्षा

परीक्षा का आयोजन दो शिफ्ट में किया जाएगा. पहला पेपर सामान्य अध्ययन (GS Paper-1) का होगा, जो सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक चलेगा. वहीं दूसरा पेपर CSAT दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा. अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि सुरक्षा जांच और एंट्री प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके.

इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 933 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) समेत कई प्रतिष्ठित सेवाओं के पद शामिल हैं. हर साल लाखों युवा इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन बेहद कम उम्मीदवार अंतिम चयन तक पहुंच पाते हैं.

UPSC CSE प्रारंभिक परीक्षा का पैटर्न

परीक्षा पैटर्न की बात करें तो UPSC प्रीलिम्स कुल 400 अंकों की होगी. सामान्य अध्ययन और CSAT दोनों पेपर 200-200 अंकों के होंगे. CSAT में 80 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक सही उत्तर के लिए 2.5 अंक मिलेंगे. वहीं गलत जवाब देने पर नेगेटिव मार्किंग के तहत अंक काटे जाएंगे. उम्मीदवारों को CSAT में कम से कम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो